नवादा के हिसुआ में 13 दिनों से लापता महिला, अब तक FIR नहीं; तीन बच्चों समेत पूरा परिवार परेशान

हिसुआ की ममता देवी 13 दिनों से लापता है, लेकिन पुलिस ने अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। परिजन न्याय के लिए थाने के चक्कर लगा रहे हैं।

Nawada News : नवादा जिला के हिसुआ नगर पर्षद के वार्ड-07 निवासी कैलाश यादव की बहू और बिक्की यादव की पत्नी ममता देवी पिछले 13 दिनों से लापता हैं. वह 5 अगस्त को अपने तीन बच्चों को घर पर छोड़कर अचानक गायब हो गयीं. परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है. परिजनों का आरोप है कि लगातार गुहार लगाने के बावजूद हिसुआ थाना में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है.

खाना खिलाकर खेत भेजा, फिर घर से गायब हुई ममता

परिजनों के अनुसार, 5 अगस्त को ममता देवी ने अपने सास-ससुर को खाना खिलाने के बाद उन्हें खेत भेज दिया था. उनके तीनों बच्चे पढ़ाई करने के लिए घर से बाहर गये थे. इसी दौरान ममता घर को खुला छोड़कर अचानक लापता हो गयीं. काफी देर तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. रिश्तेदारों और परिचितों के यहां पता लगाने के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस से शिकायत की गयी.

पति मुंबई से लौटा, फिर भी नहीं मिली कोई जानकारी

ममता के पति बिक्की यादव मुंबई में निजी कंपनी में काम करते हैं. पत्नी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद वह मुंबई से हिसुआ पहुंचे. परिजनों के अनुसार, पहले ससुर कैलाश यादव, फिर पति बिक्की यादव और उसके बाद ममता के पिता प्रमोद यादव ने हिसुआ थाना में आवेदन दिया. परिवार का आरोप है कि तीन आवेदन देने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई और न ही महिला की तलाश को लेकर अपेक्षित कार्रवाई की गयी.

तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

ममता के लापता होने के बाद उनके तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. सास-ससुर और मायके के लोग भी किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं. परिवार के लोग लगातार अपने स्तर से ममता की तलाश कर रहे हैं. ममता का मायका झारखंड के जगदीशपुर बासोडीहा गांव बताया गया है. 13 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से दोनों परिवारों की चिंता बढ़ती जा रही है.

पुलिस बोली- कार्रवाई की जा रही है

इस संबंध में प्रभार में रहे हिसुआ थानाध्यक्ष परदेशी कुमार ने बताया कि परिजनों को पहले अपने स्तर से एक-दो दिन खोजबीन करने का मौका दिया गया था. अब मामले में कार्रवाई की जा रही है. वहीं, परिजनों ने पुलिस से ममता देवी की जल्द तलाश करने और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Uday kr bharti

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >