Nawada News: जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र स्थित केसौरी गांव में गुरुवार की देर शाम करीब सात बजे दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. यह घटना उस समय हुई जब ग्रामीण विश्वकर्मा पूजा स्थल पर प्रसाद ग्रहण करने के लिए जुटे थे. मारपीट के दौरान जगदीश मांझी के पुत्र दिनेश मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुई मारपीट के बाद पूजा स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
गणेश पूजा के दौरान छेड़खानी से जुड़ा है मामला
पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवाद की जड़ हाल ही में संपन्न हुई गणेश पूजा से जुड़ी है. आरोप है कि गणेश पूजा के दौरान बसंत रविदास के पुत्रों द्वारा मांझी समाज की बेटियों के साथ कथित तौर पर छेड़खानी की गई थी. उस वक्त परिजनों द्वारा विरोध जताने पर भी तनातनी हुई थी, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की पहल और समझाइश के बाद मामला शांत करा दिया गया था. गुरुवार शाम जब दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आए, तो पुरानी रंजिश में कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें दिनेश मांझी को लहूलुहान कर दिया गया.
थाना पहुंचे आक्रोशित ग्रामीण, प्राथमिकी दर्ज
घटना से आक्रोशित बड़ी संख्या में ग्रामीण पकरीबरावां थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजन चौधरी से मिलकर आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व न्याय दिलाने की मांग की. थानाध्यक्ष ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके तुरंत बाद पुलिस टीम केसौरी गांव पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की. थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत प्राप्त कर ली गई है और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: नवादा में शनिवार सुबह दो घंटे थमेगी बिजली की रफ्तार, 9 से 11 बजे तक इन इलाकों में रहेगा पावर कट
