नवादा के मेसकौर में तीन हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, 30 जुलाई तक होंगे आवेदन

नवादा के मेसकौर प्रखंड में तीन हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. पात्र परिवार 30 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. यह उन परिवारों के लिए एक बड़ी राहत है जो तकनीकी समस्याओं के कारण पहले आवेदन नहीं कर पाए थे.

Nawada News: नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड में नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी गई है. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने प्रखंड के लिए लगभग तीन हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके लिए पात्र परिवारों से 30 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करने का अनुरोध किया गया है.

प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) अजित कुमार ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन कर पात्र लाभुकों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि आवेदन के समय परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड अनिवार्य होगा. साथ ही परिवार के मुखिया का आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज भी आवेदन के साथ संलग्न करना होगा.

उन्होंने बताया कि कुछ समय से तकनीकी कारणों के चलते आवेदन प्रक्रिया बंद थी, जिससे कई पात्र परिवार नए राशन कार्ड के लिए आवेदन नहीं कर सके थे. अब पोर्टल शुरू होने के बाद ऐसे लोगों को बड़ी राहत मिली है. जिन लाभुकों का नाम किसी कारणवश राशन कार्ड सूची से हट गया है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुनः आवेदन कर सकते हैं.

प्रखंड प्रशासन ने सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि सत्यापन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके. विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड उपलब्ध कराकर सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ सुनिश्चित करना है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vishal kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >