ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के कार्यालय से अगवा मैनेजर सकुशल बरामद: लेन-देन के विवाद में खगड़िया से रोसड़ा तक बनाया था बंधक, 6 किडनैपर गिरफ्तार

अकबरपुर में ई-कॉमर्स कंपनी मीशो के मैनेजर का अपहरण कर लिया गया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मैनेजर को सकुशल बरामद कर लिया है और वारदात में शामिल छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. यह मामला पूर्व के वित्तीय लेन-देन के विवाद से जुड़ा है.

अकबरपुर (नवादा). अकबरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर ओवरब्रिज के समीप स्थित प्रसिद्ध ऑनलाइन ई-कॉमर्स कंपनी मीशो (Meesho) के कार्यालय से मैनेजर का अपहरण किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल पटाक्षेप कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगवा मैनेजर एमडी नाजिस को सकुशल बरामद कर लिया है. इसके साथ ही वारदात में संलिप्त छह शातिर बदमाशों को दबोच लिया गया है. पुलिस की प्राथमिक तफ्तीश में पूरा मामला पूर्व के वित्तीय लेन-देन के गहरे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है.

दो गाड़ियों से पहुंचे थे बदमाश, डिलीवरी बॉय का मोबाइल भी छीना

घटना बीते 18 सितंबर की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि फतेहपुर ओवरब्रिज स्थित मीशो डिलीवरी हब में दो चारपहिया वाहनों पर सवार होकर 6 से 7 अज्ञात बदमाश आ धमके. बदमाशों ने कार्यालय में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी और कर्मचारियों में दहशत फैलाते हुए मैनेजर एमडी नाजिस को जबरन खींचकर वाहन में बैठा लिया. बीच-बचाव करने पहुंचे कंपनी के डिलीवरी बॉय शुभम कुमार राजपूत (निवासी फतेहपुर) के साथ भी हाथापाई की गई और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया. घटना के बाद पीड़ित कर्मी के बयान पर अकबरपुर थाने में कांड संख्या 471/26 के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.

खगड़िया से रोसड़ा तक ठिकाने बदलते रहे अपहरणकर्ता

पुलिस अनुसंधान में खुलासा हुआ कि अपहरण की साजिश खगड़िया निवासी एक व्यक्ति ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रची थी. बदमाश अगवा मैनेजर को अकबरपुर से सीधे खगड़िया ले गए, जहां उसे एक गुप्त ठिकाने पर बंधक बनाकर बुरी तरह मारपीट की गई. इसके बाद पुलिसिया दबिश और सुराग मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने ठिकाना बदला और पीड़ित को समस्तीपुर जिले के रोसड़ा अनुमंडल क्षेत्र में छिपाकर रखा.

मोबाइल सर्विलांस व मैन्युअल इनपुट से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने वैज्ञानिक पद्धति, मोबाइल टावर डंप डाटा और मैन्युअल इंटेलिजेंस का सटीक उपयोग करते हुए बदमाशों के नेटवर्क को ट्रेस किया. इसके बाद संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रोसड़ा से मैनेजर को बिना किसी नुकसान के सकुशल बरामद कर लिया गया. मौके से पुलिस ने घेराबंदी कर घटना में शामिल सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

वाहनों की बरामदगी और आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. अपहरण में इस्तेमाल किए गए दोनों चारपहिया वाहनों को जब्त करने और इसमें प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई चल रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि लेन-देन का वास्तविक विवाद कितने रुपये का था और क्या इस गिरोह का पहले से कोई अंतरजिला आपराधिक रिकॉर्ड रहा है.

Also Read: नवादा: पकरीबरावां में छेड़खानी के विरोध पर दो पक्षों में झड़प, युवक गंभीर रूप से घायल होकर रेफर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विशाल कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >