नवादा: बिहार की बेटी की दमन में हत्या, ट्रॉली बैग में मिला शव; जानिए क्या है मामला

दमन में एक विवाहिता की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. आरोपी प्रेमी शव को ट्रॉली बैग में बंद कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Bihar Girl Murder In Daman : आज के समय में प्रेम संबंध जहां एक ओर भावनाओं का प्रतीक माने जाते हैं, वहीं दूसरी ओर कई मामलों में यही संबंध गंभीर अपराधों की वजह भी बनते जा रहे हैं. आए दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां प्यार के नाम पर धोखा, हिंसा और हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं. बिहार ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रेम संबंधों के पीछे छिपे अपराधों का खुलासा लगातार हो रहा है. ताजा मामला नवादा जिले से जुड़ा है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है.

नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव की रहने वाली एक विवाहिता की हत्या कर उसका शव ट्रॉली बैग में बंद कर देने का मामला सामने आया है. यह घटना केंद्र शासित प्रदेश दमन की है, लेकिन इसकी गूंज मृतका के गांव तक पहुंच गई है. जैसे ही शव मिलने की खबर आई, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

Nawada Love Story : प्रेम प्रसंग में 2 साल पहले छोड़ा था घर

मृतका की पहचान सिउर गांव निवासी मनीष उपाध्याय की पुत्री छोटी कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार करीब दो साल पहले वह गांव के ही ऋषभ कुमार के साथ प्रेम संबंध में पड़ गई थी. इसी दौरान वह घर छोड़कर उसके साथ चली गई थी.

मृतका के भाई ने बताया कि 2023 में हमने छोटी की शादी अपनी जाति में करवाई थी. उस समय वो 18 साल की थी. 12वीं क्लास में पढ़ाई कर रही थी. 6 मई 2024 को वो घर से अचानक गायब हो गई थी. उसके साथ गांव का लड़का ऋषभ भी लापता था. रिश्तेदारों के बीच खोजबीन करने के बाद भी जब वो नहीं मिली तो 6 मई को ही महने रोह थाने में आवेदन दिया गया. डेढ़ साल के बाद मेरे जीजा ने हम लोगों से मुलाकात करने के बाद रिश्ता को तोड़ दिया और फिर किसी और लड़की से शादी कर ली.

उस समय युवती के परिजनों ने रोह थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी. इसके बाद से दोनों गांव छोड़कर बाहर रह रहे थे. परिवार को उम्मीद थी कि समय के साथ सब कुछ ठीक हो जाएगा, लेकिन उन्हें इस तरह की घटना की कल्पना भी नहीं थी.

ट्रॉली बैग में मिला शव, इलाके में मचा हड़कंप

सोमवार को दमन पुलिस ने रोह थाना को सूचना दी कि एक कमरे से ट्रॉली बैग में बंद एक युवती का शव बरामद हुआ है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने चौकीदार के माध्यम से मृतका के परिजनों को खबर दी. यह सुनते ही परिवार के लोग दमन के लिए रवाना हो गए.

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी प्रेमी ऋषभ कुमार ने ही छोटी कुमारी की हत्या की. हत्या के बाद उसने शव को छिपाने के उद्देश्य से ट्रॉली बैग में बंद कर दिया.

कमरे से उठ रही दुर्गंध से खुला राज

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन मौका नहीं मिलने पर ट्रॉली बैग को किराये के कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया. कई दिनों तक कमरे में ताला लटका रहा.

जब कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी, तो मकान मालिक को शक हुआ. उसने तुरंत इसकी सूचना दमन पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और तलाशी ली. इस दौरान ट्रॉली बैग के अंदर से युवती का शव बरामद हुआ.

आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है. दमन पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर प्रेम संबंधों के नाम पर इस तरह के अपराध क्यों बढ़ रहे हैं. समाज और परिवार दोनों के लिए यह एक गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit saurabh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >