नवादा: अकबरपुर बाजार की सड़क जर्जर, नाली का पानी बना मुसीबत, लोगों ने मुखिया पर लगाया पक्षपात का आरोप

अकबरपुर बाजार की मुख्य सड़क इन दिनों जलजमाव और गंदगी से बदहाल है. नाली का गंदा पानी बहने से राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी हो रही है, जिससे उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत और नियमित सफाई की मांग की है.

Nawada Waterlogging Issue : अकबरपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बलिया बुजुर्ग पंचायत के अकबरपुर बाजार की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. सड़क पर नाली का गंदा पानी बहने से राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जगह-जगह गड्ढों में पानी जमा रहने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, जबकि बारिश में हालात और भी बिगड़ जाते हैं.

गंदगी और जलजमाव से बढ़ी मुश्किलें

ग्रामीण कुंदन पाण्डेय और कौशल पाण्डेय ने बताया कि बाजार की यह सड़क काफी व्यस्त है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग आते-जाते हैं. नाली का पानी सड़क पर फैलने से दुर्गंध बनी रहती है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है.

Nawada News : दुकानदारों के कारोबार पर असर

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और जलजमाव के कारण ग्राहकों की संख्या में कमी आई है. इससे उनके व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है. लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया.

विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप

ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया पर विकास कार्यों में पक्षपात का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सड़क और नाली का निर्माण कार्य पहले मुखिया के घर के आसपास कराया गया, जबकि बाजार और अन्य क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की अनदेखी की जा रही है.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार की सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए. साथ ही विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि बजट की कमी के कारण फिलहाल आधी सड़क का ही निर्माण हो पाया है. शेष सड़क का निर्माण अगले वित्तीय वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anil kumar

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >