Nawada News : अकबरपुर अंचल क्षेत्र के नेमदारगंज थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने महेशडीह गांव में छापेमारी कर 60 लीटर देसी शराब बरामद की है. मौके से शराब के धंधे में संलिप्त महेशडीह निवासी रमेश मांझी को गिरफ्तार किया गया. वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया.
घर में छिपाकर रखी गई थी शराब
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के अनुसार, पुलिस टीम 23 अगस्त की रात अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी और गश्ती पर निकली थी. इसी दौरान 24 अगस्त की रात सूचना मिली कि महेशडीह निवासी रमेश मांझी ने बिक्री के लिए शराब अपने घर में छिपाकर रखी है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल उसके घर की घेराबंदी कर तलाशी ली.
Also Read : नवादा: सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, हजारों शिवभक्तों ने बाबा भोले पर चढ़ाया जल
बक्से से बरामद हुई 30 पॉलिथिन
घर की तलाशी के दौरान कमरे में रखे बक्से से स्टील के ड्रम में रखी 30 पॉलिथिन बरामद हुईं. प्रत्येक पॉलिथिन में करीब दो-दो लीटर देसी शराब थी. पुलिस ने सभी पॉलिथिन से कुल 60 लीटर देसी शराब बरामद की. जांच के लिए पुलिस ने एक लीटर शराब का नमूना भी सुरक्षित रखा है.
Also Read : नवादा: एक सप्ताह बाद गोविंदपुर की जलमीनार में लगा नया मोटर, लोगों को मिली राहत
मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
मामले में नेमदारगंज थाना कांड संख्या 330/2026 दर्ज की गई है. पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में नवादा न्यायालय भेज दिया.
वारंटी भी गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायालय
इधर, नेमदारगंज थाना पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए चपरेहट गांव निवासी वारंटी शिवचरण प्रसाद को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे भी न्यायालय भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार और फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read : नवादा: प्राइवेट अस्पताल में महिला की मौत के मामले में 10 हिरासत में, जांच के लिए बनायी जा रही टीम
