नवादा में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंज उठा शहर

नवादा शहर भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के रंग में रंग गया. इस्कॉन परिसर से शुरू हुई यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए संपन्न हुई. हजारों श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया.

Nawada News : शहर में बुधवार को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में निकाली गई. रथयात्रा को लेकर पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बना रहा. भगवान के पावन आगमन पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया. इसके बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.

इस्कॉन परिसर से शुरू हुई रथयात्रा, शहर भ्रमण कर लौटे भगवान

वैदिक विधि-विधान से पूजा के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की रथयात्रा इस्कॉन वीआईपी कॉलोनी परिसर से प्रारंभ हुई. रथ भगत सिंह चौक, प्रजातंत्र चौक, नवादा कोर्ट, सोनार पट्टी, स्टेशन रोड, इंदिरा चौक, अस्पताल रोड, पुरानी जेल रोड और गोवर्धन मंदिर होते हुए पुनः इस्कॉन परिसर पहुंचा, जहां रथयात्रा का समापन हुआ.

मार्ग में श्रद्धालुओं ने किए भगवान के दर्शन

रथयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़क किनारे मौजूद रहे और भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की. पूरे रास्ते भक्तों ने भक्ति भाव के साथ भगवान का स्वागत किया. श्रद्धालुओं की भीड़ और उत्साह से शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा.

फूलों और रोशनी से सजा रथ बना आकर्षण का केंद्र

रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित भगवान का रथ लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा. रथयात्रा के दौरान "हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे हरे, हरे राम, हरे राम, राम-राम हरे हरे" के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा.

तीन हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

इस्कॉन गया के अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के मार्गदर्शक जगदीश श्याम दास ने बताया कि भगवान जगन्नाथ नगर भ्रमण कर श्रद्धालुओं को मंगलमय दर्शन देते हैं. रथयात्रा के समापन के बाद भगवत सेवा, छप्पन भोग, संध्या आरती और विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया. इसमें करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया.

कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालु

रथयात्रा में नवादा के अलावा गया, पटना, जहानाबाद सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. मौके पर इस्कॉन से जुड़े राजा बाबू, हिमांशु भदानी सहित आयोजन समिति के सदस्य और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bablu kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >