Nawada News : रजौली नगर पंचायत के पार बाघ स्थित लोजपा (रामविलास) कार्यालय में युवा मोर्चा की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गयी. बैठक की अध्यक्षता लोजपा (रामविलास) युवा मोर्चा के नवादा जिलाध्यक्ष अमित कुमार ने की.
प्रखंड कार्यालयों में 15 अगस्त को होगा ध्वजारोहण
बैठक में जिलाध्यक्ष अमित कुमार ने सभी प्रखंड युवा अध्यक्षों को आगामी 15 अगस्त को अपने-अपने प्रखंड कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पार्टी के कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ कार्यक्रम में शामिल हों और संगठन की गतिविधियों को मजबूत करें.
पंचायत अध्यक्षों की नियुक्ति जल्द करने का निर्देश
अमित कुमार ने संगठनात्मक विस्तार पर जोर देते हुए सभी प्रखंड अध्यक्षों से अपनी-अपनी पंचायतों में पंचायत अध्यक्षों की नियुक्ति करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी कर इसकी सूचना संगठन को उपलब्ध करायी जाए. इससे पंचायत स्तर पर युवा मोर्चा की गतिविधियों को और गति देने में मदद मिलेगी.
युवा कार्यकर्ताओं की सक्रियता से मजबूत होगा संगठन
जिलाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि लोजपा (रामविलास) युवा मोर्चा को धरातल पर मजबूत करना पार्टी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन का आधार मजबूत होगा. साथ ही इससे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के हाथों को भी और मजबूती मिलेगी.
बैठक में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रतिबद्धता जतायी. इस दौरान जिला युवा उपाध्यक्ष राजबल्लभ प्रसाद, युवा उपाध्यक्ष शिव शंकर चौधरी, सचिव अभिषेक भारती, सचिव आयुष राज, पकरीबरावां युवा प्रखंड अध्यक्ष राम दुलार सिंह, रजौली नगर युवा अध्यक्ष मुकेश राजवंशी, सिरदला प्रखंड अध्यक्ष दिलीप पासवान, संसदीय दल मीडिया प्रभारी प्रभात ज्योति, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मो. तस्लीम, रजौली प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र पासवान सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Also Read : PHOTOS: औरंगाबाद में बच्चों ने इस प्रकार मनाया 'विश्व आदिवासी दिवस'
