Nawada News : नवादा शहर के नये रेलवे स्टेशन पार्किंग स्थित शिव मंदिर में शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण का छठी पूजन श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. बाल गोपाल का आकर्षक श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. इसके बाद महाआरती हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
सोहर और हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
पूजन के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक सोहर, बधाई गीत और हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया. सोहर की मधुर धुन और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाये और सुख-समृद्धि की कामना की.
छठी पूजन की परंपरा जन्मोत्सव के आनंद को बढ़ाती है
मंदिर के पुजारी विद्धाधर पांडेय ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की छठी पूजन की परंपरा जन्मोत्सव के आनंद को आगे बढ़ाने वाली है. इस दिन बाल गोपाल को विशेष भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है. उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भक्ति, आपसी प्रेम और सद्भाव की भावना मजबूत होती है.
कढ़ी-चावल समेत पकवानों का लगाया गया भोग
पूजन के बाद भगवान श्रीकृष्ण को कढ़ी-चावल समेत विभिन्न पारंपरिक पकवानों का भोग लगाया गया. महाआरती के उपरांत सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. प्रसाद ग्रहण करने के लिए देर शाम तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही.
दर्जनों महिलाओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में मंजू पांडेय, भारती देवी, शकुंतला देवी, गुड़िया देवी, नेहा कुमारी, सीमा देवी, अनु देवी, किरण देवी, मुन्नी देवी, अनीता देवी, सरिता देवी, सरोज देवी, अनीता यादव, प्रमिला देवी, गायत्री देवी, जयमंत्री देवी, शांति देवी और राजकुमारी समेत दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं.
