नवादा: केंद्रीय विद्यालय शुरू कराने की तैयारी तेज, डीएम ने कन्हाई इंटर विद्यालय का लिया जायजा

नवादा में केंद्रीय विद्यालय के संचालन की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं. जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया.

Nawada News : नवादा जिले में केंद्रीय विद्यालय के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. विद्यालय के सुचारु संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने रविवार को कन्हाई इंटर विद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी शेष कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए.

आधारभूत सुविधाएं जल्द दुरुस्त करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षाओं, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने कार्यदायी एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों से कहा कि विद्यालय परिसर में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए.

सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर

जिला पदाधिकारी ने परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए. उन्होंने विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए गृह रक्षा वाहिनी के जवानों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नामांकन और पठन-पाठन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो.

13 जुलाई से शुरू होगा ऑफलाइन नामांकन

केंद्रीय विद्यालय का अस्थायी संचालन कन्हाई इंटर विद्यालय परिसर से किया जाएगा. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा एक से पांचवीं तक प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन में नामांकन लिया जाएगा. इसके लिए 13 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विद्यालय परिसर में ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चलेगी. निरीक्षण के दौरान गोपनीय शाखा प्रभारी राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bablu kumar

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >