Nawada News: नवादा जिले के राजेंद्र मेमोरियल महिला महाविद्यालय (आरएमडब्ल्यू कॉलेज) में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रोग्राम पदाधिकारी डॉ. नंदिता द्वारा प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार के निर्देशानुसार विभिन्न कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया गया.
'एक पेड़ शहीदों के नाम' अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
कार्यक्रम की शुरुआत में 'शहीदों के नाम एक पेड़' अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया. इस अवसर पर कॉलेज के सभी शिक्षक, कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहीं. इसके पश्चात सुजाता सभागार में प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरती रानी शाह के नेतृत्व में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया.
कारगिल युद्ध पर दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री
संगोष्ठी के दौरान छात्राओं को बताया गया कि 26 जुलाई हर देशवासी के लिए गर्व का दिन है. करीब 60 दिनों तक चले कारगिल युद्ध का समापन 26 जुलाई को भारत की ऐतिहासिक विजय के साथ हुआ था, जिसमें मां भारती के 527 वीर सपूतों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था.
छात्राओं में देशभक्ति का जज्बा जगाने और वीर जवानों की शौर्य गाथा से अवगत कराने के लिए प्रोग्राम पदाधिकारी डॉ. नंदिता द्वारा कारगिल युद्ध से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई. कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों और छात्राओं की सक्रिय भूमिका रही.
