Nawada News : काशीचक प्रखंड कार्यालय के सामने दो सूत्री मांगों को लेकर तीन दिनों से चल रहा आमरण अनशन सोमवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया. सीओ आयुष चंद्र हास और बीडीओ विजय कुमार ने आमरण अनशन पर बैठे रिंकु सिंह सहित 20 सूत्री अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों के साथ वार्ता की. अधिकारियों ने दोनों प्रमुख मांगों को मानने का आश्वासन दिया. इसके बाद जिलाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कराकर आंदोलनकारियों को मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया. वार्ता के बाद सीओ और बीडीओ ने जूस पिलाकर रिंकु सिंह का अनशन तुड़वाया. इसके साथ ही तीन दिनों से चल रहा आंदोलन समाप्त हो गया.
खखरी पंचायत में विकास कार्यों की जांच की मांग
आमरण अनशन पर बैठे रिंकु सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से दोनों मांगें मान लिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया. उन्होंने कहा कि सांसद विवेक ठाकुर के प्रयास से जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है. उन्होंने बताया कि खखरी पंचायत में विकास योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने तथा सरकारी ट्यूबवेल को अविलंब चालू कराने का कार्य किया जाएगा. आंदोलनकारियों ने इन दोनों मांगों को लेकर आमरण अनशन शुरू किया था.
दिनभर चली वार्ता के बाद बनी सहमति
आंदोलन स्थल पर पहुंचे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ दिनभर लंबी वार्ता चली. इस दौरान कई बार आंदोलनकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति भी बनी. अंततः दोनों मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त करने पर सहमति बनी.
20 सूत्री अध्यक्ष समेत कई लोग रहे मौजूद
मौके पर 20 सूत्री अध्यक्ष रामप्रवेश कुमार लुलु, रामानंद सिंह, प्रदीप कुमार, विक्की कुमार, मंटू कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे. अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
Also Read : औरंगाबाद में चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे 300 परिवार, 19 अगस्त को प्रखंड कार्यालय पर धरना
