रजौली के स्कूल में मैट्रिक फॉर्म भरने के नाम पर धांधली, हेडमास्टर पर ज्यादा पैसे लेने का आरोप, छात्रों से मारपीट-मोबाइल छीनने का भी दावा

नवादा के रजौली में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय उर्दू पर मैट्रिक परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर छात्रों से तय राशि से ज्यादा वसूलने का गंभीर आरोप लगा है. छात्रों का कहना है कि विरोध करने पर शिक्षकों ने मारपीट की और मोबाइल छीन लिए.

नवादा के रजौली प्रखंड क्षेत्र के मुरहेना पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय उर्दू में मैट्रिक परीक्षा का फॉर्म भरने के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने का मामला सामने आया है. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका किरण कुमारी पर छात्र-छात्राओं से अतिरिक्त पैसे लेने और उसकी रसीद नहीं देने का आरोप लगाया गया है. छात्रों ने ज्यादा राशि लेने का विरोध करने पर शिक्षकों द्वारा मारपीट करने, मोबाइल छीनने और वीडियो डिलीट करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.

विद्यालय के छात्र चुन्नू कुमार, नीतीश कुमार, आशीष कुमार और पवन कुमार समेत दर्जनों छात्रों ने बताया कि विद्यालय में दसवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं का मैट्रिक परीक्षा का फॉर्म भरा जा रहा है. छात्रों के अनुसार, प्रधानाध्यापिका की ओर से फॉर्म लेने के लिए 30 रुपये अतिरिक्त मांगे जा रहे हैं, जिसकी कोई रसीद नहीं दी जा रही है.

फॉर्म भरने के नाम पर अलग-अलग राशि लेने का आरोप

छात्रों का आरोप है कि फॉर्म भरने के दौरान सामान्य और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों से 1000 रुपये, जबकि बीसी-01 और एससी-एसटी वर्ग के विद्यार्थियों से 900 रुपये लिए जा रहे हैं. छात्रों का कहना है कि स्कूल की ओर से ली जा रही राशि के मुकाबले रसीद में कम रकम दर्ज कर रसीद देने की बात कही जा रही है.

छात्रों के मुताबिक, 10 से 15 विद्यार्थियों ने ज्यादा पैसे लेने का विरोध किया और पैसे के लेनदेन से संबंधित वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. इसी दौरान वीडियो बनता देखकर प्रधानाध्यापिका और उनके सहयोगी शिक्षकों पर छात्रों के मोबाइल छीनने का आरोप लगाया गया है.

वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने और टीसी काटने की धमकी

छात्रों का आरोप है कि वीडियो डिलीट करने के लिए उन्हें धमकाया गया. वीडियो डिलीट नहीं करने पर प्रधानाध्यापिका की ओर से स्कूल से टीसी काटने की धमकी दिए जाने की बात भी छात्रों ने कही है. इसके बाद छात्रों को स्कूल से धक्के देकर बाहर निकालने का भी आरोप लगाया गया है.

छात्रों ने शिक्षक सन्नी सर और अब्दुल कलाम सर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. वहीं उज्जवल नाम के एक छात्र का मोबाइल भी शिक्षकों द्वारा छीनकर रख लेने की बात सामने आई है. विरोध बढ़ने के बाद छात्र का मोबाइल वापस कर दिया गया.

छात्रों का कहना है कि इस दौरान प्रधानाध्यापिका द्वारा बच्चों से लिए गए पैसे फेंकने की घटना भी वीडियो में रिकॉर्ड हुई है. छात्रों के अनुसार, ज्यादा पैसे लिए जाने के बारे में पूछने पर उन्हें बताया जाता है कि पॉकेट खर्च के लिए अतिरिक्त राशि ली जा रही है. इसके अलावा फॉर्म की फोटो कॉपी और उसमें लगी मेहनत के नाम पर भी बिना रसीद पैसे लेने का आरोप लगाया गया है.

शिक्षा पदाधिकारी से जांच की मांग

छात्रों ने विद्यालय प्रबंधन पर आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए शिक्षा पदाधिकारी से मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है.

इस संबंध में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका किरण कुमारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मीडियाकर्मी का फोन नहीं उठाया.

अधिकारी ने जांच का दिया आश्वासन

इस संबंध में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और छात्रों के बीच विवाद का मामला उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने मामले की जांच कराने और जांच के आधार पर अग्रतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.

फोटो :- 1.विद्यालय परिसर का फोटो 2.प्रधानाध्यापिका और शिक्षकों पर आरोप लगाते छात्र | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार मनीष देव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >