Nawada News : संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को नवादा सदर प्रखंड क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. डीडीसी नीलिमा साहू ने हरी झंडी दिखाकर कलश यात्रा को रवाना किया. यात्रा में श्रद्धालुओं और अभियान से जुड़े लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया.
साहब कोठी से भगत सिंह चौक तक निकली यात्रा
कलश यात्रा साहब कोठी से शुरू होकर भगत सिंह चौक तक पहुंची. यात्रा के दौरान लोगों ने संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से पूरे मार्ग में उत्साह का माहौल बना रहा.
समानता और भाईचारे का दिया संदेश
समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों, समानता, मानवता और भाईचारे के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है. कलश यात्रा के दौरान लोगों ने जाति-पाति से ऊपर उठकर सामाजिक एकता मजबूत करने और संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया.
अनुसूचित जाति टोलों में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
अभियान के तहत नवादा सदर प्रखंड के अनुसूचित जाति टोलों में विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे. आयोजकों का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों को लोगों तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है. संत रविदास जी ने अपने विचारों के माध्यम से समानता, मानवता और सामाजिक एकता का संदेश दिया था. उनकी 650वीं जयंती पर आयोजित यह अभियान उनके आदर्शों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
