बरसात में भी मेसकौर में गहराया जल संकट, टैंकर के सहारे बुझ रही लोगों की प्यास

Nawada News : मेसकौर प्रखंड में गिरते भू-जलस्तर के कारण गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है. प्रशासन टैंकरों के जरिए लोगों तक पानी पहुंचा रहा है, जानें पूरी स्थिति.

Nawada News : बरसात के मौसम में भी मेसकौर प्रखंड गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहा है. लगातार गिरते भू-जलस्तर के कारण हालात चिंताजनक हो गए हैं. भू-जलस्तर 90 फीट से नीचे चले जाने से प्रखंड क्षेत्र के अधिकांश घरों की बोरिंग फेल हो चुकी है, जबकि सरकारी चापाकलों ने भी पानी देना बंद कर दिया है. हालात ऐसे हैं कि लोगों को टैंकर के पानी से अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है.

बीडीओ की पहल पर टैंकरों से पहुंचाया जा रहा पानी

पेयजल संकट को देखते हुए मेसकौर के बीडीओ अश्विनी कुमार ने राहत पहल शुरू की है. महादलित बहुल गांवों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल पहुंचाया जा रहा है. सुबह सात बजे से ही ग्रामीण बर्तन लेकर पानी का इंतजार करने लगते हैं. टैंकर पहुंचते ही पानी लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है. प्रशासन की ओर से निर्धारित समय के अनुसार विभिन्न स्थानों पर लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है.

मुख्यालय में भी तैनात हैं पानी के टैंकर

प्रखंड मुख्यालय स्थित वार्ड संख्या दो, वार्ड संख्या पांच, अस्पताल और थाना परिसर में एक-एक पानी का टैंकर हमेशा तैनात रखा गया है. इन टैंकरों से आसपास के लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है. वर्तमान में प्रतिदिन करीब 20 से 30 हजार लीटर पानी की आपूर्ति की जा रही है.

एक ओर जल संकट, दूसरी ओर पानी की बर्बादी

जल संकट के बीच सिस्टम की लापरवाही भी सामने आ रही है. प्रखंड के विभिन्न गांवों में बिछाई गई नल-जल योजना की पाइपलाइन के खुले पॉइंट से प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है. इन अधिकांश पाइपों पर टोटी (टैप) नहीं लगाई गई है, जिससे पानी लगातार सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है.

लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

एक ओर लोग पेयजल के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर पानी की बर्बादी को लेकर प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पाइपलाइन के खुले पॉइंट पर टोटी लगा दी जाए तो काफी मात्रा में पानी बचाया जा सकता है. लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है.

Also Read : शेरघाटी में किशोर की पीट-पीटकर हत्या के बाद तनाव, डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >