Ganesh Utsav Nawada: गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ नवादा जिले में गणेशोत्सव को लेकर उत्साह चरम पर पहुंच गया है. शहर में करीब 20 स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की तैयारी चल रही है. विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडालों का निर्माण अंतिम चरण में है. पंडालों को भव्य रूप देने के लिए आयोजक दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं.
तीज और गणेश पूजा ने बढ़ायी बाजार की रौनक
इस बार हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी का पर्व एक ही दिन पड़ने से बाजारों में विशेष चहल-पहल है. प्रजातंत्र चौक, मेन रोड, पुरानी बाजार और गोला रोड समेत प्रमुख बाजारों में पूजन सामग्री, फल, फूल और सजावट के सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है. फल दुकानों पर भी तीज और गणेश पूजा को लेकर खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है. महिलाएं गौरा और गणेश की छोटी-छोटी प्रतिमाएं खरीदती नजर आ रही हैं.
मिट्टी की प्रतिमाओं की बढ़ी मांग
गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में कारीगर जुटे हुए हैं. श्रद्धालुओं में मिट्टी से बनी पर्यावरण-अनुकूल प्रतिमाओं की मांग भी देखी जा रही है. शहर में दो हजार से लेकर सात हजार रुपये तक की लागत वाली गणेश प्रतिमाएं तैयार की गयी हैं. प्रतिमाओं को रंग-रोगन और आकर्षक रूप देने का काम अंतिम दौर में है.
पंडालों में दिखेगा भव्यता का रंग
पम्पू कल रोड और अस्पताल रोड समेत शहर के कई इलाकों में विशेष तैयारियां चल रही हैं. कहीं विद्युत सज्जा, तो कहीं आकर्षक थीम वाले पंडाल तैयार किये जा रहे हैं. पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है. गणेशोत्सव को लेकर बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह है. आने वाले दिनों में पूजा स्थलों पर भक्ति और उत्सव का रंग और गहरा होने की उम्मीद है.
