Ganesh Chaturthi: गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर नवादा शहर में गणेशोत्सव को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है. विभिन्न पूजा स्थलों पर भगवान गणेश के भव्य दरबार सजाये गये हैं. आकर्षक पंडाल, रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा और मनमोहक गणेश प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. पूजा स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालु भगवान गणेश का दर्शन कर सुख-समृद्धि और विघ्न-बाधाओं से मुक्ति की कामना कर रहे हैं.
प्रजातंत्र चौक से गोला रोड तक बाजार गुलजार
गणेशोत्सव और हरतालिका तीज को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में भी काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है. प्रजातंत्र चौक, मेन रोड, पुरानी बाजार और गोला रोड में पूजन सामग्री, फल, फूल, मिठाई और सजावट के सामान की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है. पर्व को लेकर दुकानदारों ने भी विशेष तैयारी की है.
आकर्षक पंडाल बने आकर्षण का केंद्र
शहर के पम्पू कल रोड, अस्पताल रोड और पुरानी बाजार सहित कई स्थानों पर आकर्षक थीम आधारित पंडाल तैयार किये गये हैं. पंडालों में की गयी विद्युत सजावट शाम होते ही श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है. कई पूजा समितियों ने गणेश प्रतिमा के साथ विशेष सजावट और धार्मिक झांकी की भी तैयारी की है.
मंत्रोच्चार के साथ हुई प्रथम पूज्य की आराधना
पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आराधना के दौरान मंत्रोच्चार किया.
“ॐ गं गणपतये नमः” मान्यता है कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं. किसी भी शुभ कार्य से पहले उनकी पूजा करने की परंपरा है. गणेशोत्सव को लेकर बच्चों और युवाओं में भी विशेष उत्साह है. शाम के समय पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है. पूजा समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित रखने की तैयारियां भी की गयी हैं.
