घरेलू विवाद में पिता पर छह वर्षीय बेटे की हत्या का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

Nawada News : नवादा के कादिरगंज में घरेलू विवाद के चलते एक पिता ने अपनी पत्नी के सामने ही 6 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Nawada News : जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के अंदर बाजार में सोमवार को रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई. घरेलू विवाद के बीच एक पिता पर अपने ही छह वर्षीय इकलौते पुत्र की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सुधीर गोस्वामी और मुन्नी देवी के छह वर्षीय पुत्र आजाद के रूप में हुई है.

पत्नी से विवाद और अवैध संबंध के संदेह का आरोप

मृतक की मां मुन्नी देवी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. उनका आरोप है कि पति उन्हें अवैध संबंध के संदेह में प्रताड़ित करता था, जिसके कारण घर में अक्सर झगड़े और मारपीट होती थी. दो दिन पहले भी उनके साथ मारपीट की घटना हुई थी. सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची थी और उनका इलाज कराया गया था. इसके बाद वह कादिरगंज छोड़कर नवादा शहर के मिर्जापुर स्थित किराये के मकान में रहने लगी थीं.

बेटे को लेने पहुंची मां के सामने हुआ हमला

मुन्नी देवी के अनुसार, सोमवार को वह अपने बेटे आजाद को घर से लाने के लिए कादिरगंज पहुंची थीं. आरोप है कि इसी दौरान सुधीर गोस्वामी ने उनके सामने ही धारदार हथियार से बच्चे पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई. बच्चे की चीख-पुकार और मां की चीत्कार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी पिता गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वारदात के बाद आरोपी पिता फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी का प्रयास कर रही है.

सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

इकलौते बेटे की हत्या की इस घटना से पूरे कादिरगंज क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू विवाद का सबसे बड़ा शिकार एक मासूम बच्चा बना. कादिरगंज थानाध्यक्ष अवध किशोर ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >