नवादा: राशन कार्ड बनवाने का सुनहरा मौका, हर डीलर रोज जमा करेगा 5 आवेदन, SDO का निर्देश

नवादा में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों की बैठक में राशन कार्ड निर्माण और सुधार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. अब हर डीलर को प्रतिदिन कम से कम 5 नए आवेदन जमा करने होंगे. जानिए पूरी प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज.

Nawada news : राशन कार्ड निर्माण और सुधार कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से मंगलवार को कौआकोल प्रखंड कार्यालय सभागार में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलरों की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नवादा सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अमित अनुराग ने की. इस दौरान राशन कार्ड निर्माण, नाम जोड़ने, सुधार और पारदर्शी वितरण व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.

हर पात्र परिवार तक पहुंचे राशन कार्ड का लाभ

एसडीओ अमित अनुराग ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभ से वंचित न रहे. उन्होंने सभी डीलरों को निर्देश दिया कि जिन पात्र परिवारों का राशन कार्ड अब तक नहीं बना है या किसी कारण से रद्द हो गया है, उनसे ऑफलाइन आवेदन लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रखंड कार्यालय में जमा कराएं.

हर डीलर को रोज जमा करने होंगे कम से कम 5 आवेदन.

बैठक में प्रत्येक जनवितरण विक्रेता को प्रतिदिन कम से कम पांच नए आवेदन प्रखंड कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया गया. प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों के राशन कार्ड शीघ्र बन सकें.

नए राशन कार्ड के लिए ये दस्तावेज होंगे जरूरी

एसडीओ ने बताया कि आवेदन के साथ परिवार के मुखिया का जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति, परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की कॉपी तथा एक समूह फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा. डीलरों को लाभुकों को दस्तावेजों की जानकारी देने और आवेदन भरने में सहयोग करने का भी निर्देश दिया गया.

राशन वितरण में गड़बड़ी पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसडीओ ने सभी डीलरों को समय पर राशन वितरण, ई-पॉस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने और लाभुकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

डीलरों ने रखीं अपनी समस्याएं

बैठक के दौरान डीलरों ने राशन वितरण, सर्वर की तकनीकी दिक्कतों और अन्य प्रशासनिक समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया. एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया.

बैठक में ट्रैफिक डीएसपी प्रशांत अभिषेक, बीडीओ डॉ. अखिलेश कुमार, सीओ चंदन चौधरी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आशुतोष रंजन, डीलर संघ के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद सहित प्रखंड के सभी जनवितरण प्रणाली विक्रेता उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dashrath mistri

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >