नवादा. नारदीगंज प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मंगलवार को बिजली के करंट ने भारी तबाही मचाई. पेस पंचायत के पचेया गांव में खेत में काम करने के दौरान बिजली पोल के संपर्क में आने से 40 वर्षीय किसान गरीबन यादव की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं, दो अन्य घटनाओं में एक युवक और एक 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से झुलस गये. दोनों का इलाज सीएचसी नारदीगंज में जारी है.
खेत में काम करने के दौरान पोल के संपर्क में आया किसान
जानकारी के अनुसार, पचेया गांव निवासी स्व. सुरेश यादव का पुत्र गरीबन यादव आहर के पास स्थित अपने धान के खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान वह पास ही स्थित बिजली के पोल के संपर्क में आ गया. बताया गया कि पोल में अर्थिंग या लीकेज के कारण तेज करंट प्रवाहित हो रहा था. करंट की चपेट में आते ही गरीबन यादव अचेत होकर गिर पड़ा.
आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी नारदीगंज ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक गरीबन यादव चार भाइयों में सबसे बड़ा था और घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. बीते वर्ष ही उसके मंझले भाई की हार्ट अटैक से मौत हुई थी, जबकि पिता का निधन वर्षों पहले हो चुका है. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना मिलते ही एसआई अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया.
मुखिया ने पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता
स्थानीय मुखिया शशिभूषण कुमार उर्फ वेणु यादव ने सीएचसी पहुंचकर शोक-संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और निजी स्तर पर आर्थिक सहायता प्रदान की. मुखिया और स्थानीय ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की है.
करंट लगने से युवक और 10 वर्षीय बच्चा घायल
करंट की चपेट में आने की दो अन्य घटनाएं भी सामने आयीं. भट्ट बिगहा निवासी वंचु मांझी का 25 वर्षीय पुत्र भीम कुमार नारदीगंज में मजदूरी करने के दौरान करंट लगने से जख्मी हो गया.
वहीं, नारदीगंज बाजार निवासी मो मोइजाद का 10 वर्षीय पुत्र सोनू घर में बिजली का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आ गया. दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी नारदीगंज में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बतायी जा रही है.
