धमनी पंचायत में टोटो की चपेट में आकर वृद्ध की मौत, प्राथमिकी दर्ज

NAWADA NEWS.थाना क्षेत्र की धमनी पंचायत के छतनी गांव में शनिवार की देर शाम टोटो चालक ने एक वृद्ध को कुचल दिया. इस सड़क दुर्घटना में वृद्ध की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गयी.

टोटो में लाइट नहीं होने से हादसा, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रजौली.

थाना क्षेत्र की धमनी पंचायत के छतनी गांव में शनिवार की देर शाम टोटो चालक ने एक वृद्ध को कुचल दिया. इस सड़क दुर्घटना में वृद्ध की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गयी. अस्पताल में ड्यूटी में रहे चिकित्सक डॉ अनुज कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम 6:40 बजे छतनी गांव के उपेंद्र प्रसाद और सत्येंद्र कुमार ने छतनी गांव निवासी 72 वर्षीय चंद्रदेव प्रसाद यादव को उनके परिजनों के सहयोग से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. लेकिन, मरीज की मौत अस्पताल आने से लगभग 10 से 15 मिनट पहले हो चुकी थी. चिकित्सक ने सड़क दुर्घटना में सिर में अत्यधिक चोट लगे रहने से मरीज की मौत की आशंका जतायी. साथ ही चिकित्सक ने घटना की जानकारी थाने को दी. इस मौके पर धमनी पंचायत के मुखिया बिनोद कुमार भी मौजूद रहे. वहीं अस्पताल परिसर में मौजूद मृतक के परिजनों ने कहा कि गांव के ही केदार प्रसाद यादव के पुत्र रंजन कुमार ने टोटो से कुचल दिया है. परिजनों ने कहा कि टोटो में लाइट नहीं लगी हुई थी, इसके कारण दुर्घटना हुई होगी. घटना के बाद परिजन निजी वाहन से घायल को अस्पताल में इलाज के लिए लाये थे. वहीं घायल वृद्ध के मौत की पुष्टि होने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. परिजनों ने घटना की लिखित शिकायत देकर दोषी टोटो चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही है.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद थाने में पदस्थापित एसआइ नूर आलम, पीएसआइ सचिन कुमार व पीटीसी उपेंद्र कुमार समेत सशस्त्र पुलिस बल को अस्पताल भेजा गया. शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिजन से प्राप्त आवेदन के आलोक में अग्रतर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.

.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >