नवादा शहर में सोमवार की रात करीब आठ बजे उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी, जब तिलैया की ओर से नवादा स्टेशन की तरफ आ रही एक मालगाड़ी का ईएचओ वायर टूट गया. वायर टूटने के कारण मालगाड़ी रेलवे फाटक पर ही खड़ी हो गयी. मालगाड़ी के रुकने से शहर के तीनों प्रमुख रेलवे फाटक करीब एक घंटे तक बंद रहे. इससे शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गयी और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
तीनों रेलवे फाटक एक साथ रहे बंद
मालगाड़ी के रेलवे फाटक पर खड़े रहने के कारण बुंदेलखंड, ननौरा रोड रेलवे फाटक और तीन नंबर बस स्टैंड रेलवे फाटक बंद रहे. तीनों फाटक एक साथ बंद होने से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. जाम में फंसे लोग रेलवे फाटक खुलने का इंतजार करते रहे.
जान जोखिम में डालकर मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार करते दिखे लोग
जाम के बीच जल्दबाजी में कुछ लोग जान जोखिम में डालकर मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार करते नजर आये. हालांकि, इस दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है.
टेक्नीशियन ने वायर की मरम्मत कर मालगाड़ी को रवाना किया
इधर, रेलवे को मालगाड़ी का वायर टूटने की सूचना दी गयी. इसके बाद रेलवे टेक्नीशियन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद टूटे वायर को ठीक किया. वायर की मरम्मत पूरी होने के बाद मालगाड़ी को आगे रवाना किया गया.
फाटक खुलने के बाद सामान्य हुआ यातायात
मालगाड़ी के हटते ही रेलवे फाटक खोले गये. करीब एक घंटे तक परेशानी झेल रहे लोगों को इसके बाद राहत मिली. फाटक खुलने के बाद शहर में धीरे-धीरे यातायात व्यवस्था सामान्य हुई.
