सड़क हादसे में मृत चालक के परिवार को ड्राइवर महासंघ ने दी 2.06 लाख की मदद, सिलाई मशीन भी सौंपी

Nawada News : बिहार ड्राइवर महासंघ ने सड़क हादसे में मृत चालक की पत्नी को 2.06 लाख रुपये और सिलाई मशीन देकर आत्मनिर्भर बनने में मदद की. संघ ने बेटियों की शादी का भी वादा किया.

Nawada News : मानवता और एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए बिहार ड्राइवर महासंघ ट्रेड यूनियन ने सड़क दुर्घटना में मृत चालक के परिवार की आर्थिक मदद की. संघ की ओर से दिवंगत चालक की पत्नी को नगद राशि के साथ सिलाई मशीन भी दी गई, ताकि वह स्वरोजगार के जरिए परिवार की आर्थिक स्थिति संभाल सके. यह पहल संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कुमार राय और जिलाध्यक्ष साहेब यादव के निर्देशन में रजौली प्रखंड अध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में की गई.

श्रद्धांजलि के साथ शुरू हुआ सहायता कार्यक्रम

कार्यक्रम में अकबरपुर प्रखंड अध्यक्ष दयानंद यादव, नारदीगंज प्रखंड अध्यक्ष सुदामा यादव सहित महासंघ के दर्जनों सदस्य मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत चालक के तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई. इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई.

2.06 लाख रुपये की मदद और स्वरोजगार का सहारा

बीते 22 जुलाई को बिहारशरीफ के समीप सड़क हादसे में खजुरी बिगहा गांव निवासी विपिन कुमार की मौत हो गई थी. वह अपने पीछे पत्नी पिंकी कुमारी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं. बड़ी बेटी सलोनी नौवीं कक्षा, छोटी बेटी संजना तीसरी कक्षा और बेटा साहिल सम्राट पांचवीं कक्षा में पढ़ता है. संघ के सदस्यों ने पिंकी कुमारी को 1.51 लाख रुपये नकद और एक सिलाई मशीन भेंट की. इससे एक सप्ताह पहले भी महासंघ की ओर से परिवार को 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी. इस तरह अब तक पीड़ित परिवार को कुल 2.06 लाख रुपये की मदद दी जा चुकी है.

बेटियों की शादी में भी मदद का भरोसा

रजौली प्रखंड अध्यक्ष मनोज यादव ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में महासंघ उनके साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि ड्राइवर महासंघ अपने सदस्यों के परिवार को कभी अकेला नहीं छोड़ता. उन्होंने घोषणा की कि दिवंगत विपिन कुमार की दोनों बेटियों की शादी में भी संघ बढ़-चढ़कर सहयोग करेगा. उन्होंने बताया कि विपिन कुमार द्वारा कराए गए इंश्योरेंस का करीब 22 लाख रुपये का क्लेम दिलाने के लिए भी महासंघ हरसंभव सहयोग करेगा.

सरकार से मुआवजे की मांग, चालकों से संगठन से जुड़ने की अपील

महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि चालक देश और राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने में दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन सड़क दुर्घटना में उनकी मौत या अपंगता की स्थिति में सरकार की ओर से पर्याप्त मुआवजा नहीं मिलता. महासंघ इस मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाएगा. इस मौके पर संघ ने क्षेत्र के सभी चालकों से बिहार ड्राइवर महासंघ से जुड़ने की अपील की. पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन से जुड़ाव होने पर किसी भी विपरीत परिस्थिति में चालक और उनके परिवारों की मदद के लिए महासंघ एकजुट होकर खड़ा रहेगा.

Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार मनीष देव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >