Nawada News : सड़क हादसे में बीएड छात्रा अंकिता कुमारी की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलने वालों का सिलसिला जारी है. इसी क्रम में शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. अनुज सिंह शुक्रवार को सदर अस्पताल पहुंचे और मृतका के पिता संजीव कुमार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
ट्रक मालिकों की भी तय हो जवाबदेही
डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि सड़क पर भारी वाहनों की लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में केवल चालक ही नहीं, बल्कि संबंधित ट्रक मालिकों की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए और उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की.
पहले भी हो चुकी है इसी कंपनी के ट्रक से दुर्घटना
डॉ. अनुज सिंह ने बताया कि जिस कंपनी के ट्रक से अंकिता कुमारी की मौत हुई, उसी कंपनी के एक ट्रक से करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी एक बच्चे की कुचलकर मौत होने की जानकारी सामने आई थी. उन्होंने कहा कि यदि इसके बावजूद सुरक्षा संबंधी उपाय नहीं किए गए हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है.
सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग
उन्होंने प्रशासन से भारी वाहनों की नियमित निगरानी बढ़ाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
