रजौली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक सवारों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार की रात एनएच-20 पर अर्चना नगर के समीप तेज रफ्तार बाइक ने बैटरी चालित ट्राईसाइकिल से जा रहे दिव्यांग शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी ट्राईसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
टक्कर के बाद शिक्षक सड़क पर गिर गए. स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर भाग रहे बाइक सवारों को पकड़ लिया और उनकी बाइक को भी जब्त कर लिया. पकड़े गए बाइक सवार हरदिया गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
निजी विद्यालय से पढ़ाकर लौट रहे थे शिक्षक
घायल शिक्षक राजीव कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार की रात पार बाध स्थित निजी विद्यालय में पढ़ाने के बाद रजौली स्थित अपने किराये के मकान लौट रहे थे. इसी दौरान गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी बैटरी चालित ट्राईसाइकिल में सीधी टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राईसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बाइक सवारों को पकड़ लिया और उनकी बाइक अपने कब्जे में ले ली.
हाथ-पैर में गंभीर चोट, नवादा रेफर
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षक को इलाज के लिए रजौली अनुमंडलीय अस्पताल ले गए. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राघवेंद्र भारती ने घायल की पहचान नालंदा जिले के केशो राम के पुत्र राजीव कुमार के रूप में की.
चिकित्सक के अनुसार, राजीव कुमार के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, नवादा रेफर कर दिया गया.
ट्राईसाइकिल ही आने-जाने का एकमात्र सहारा
राजीव कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रजौली में रहते हैं. बैटरी चालित ट्राईसाइकिल ही उनके आने-जाने का एकमात्र सहारा है. हादसे में ट्राईसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है.
उन्होंने कहा कि यदि आरोपी पक्ष उनका इलाज कराने के साथ ट्राईसाइकिल को ठीक करा देता है, तो वह केस-मुकदमा नहीं करेंगे. फिलहाल इलाज और ट्राईसाइकिल की मरम्मत होने तक परिजनों ने बाइक को अपने पास रखा हुआ है.
पुलिस ने कहा, आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में आरोपी पक्ष के परिजन भी समझौते की बात करते नजर आए. मामले को लेकर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने कहा कि पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन दिए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय लोगों ने एनएच-20 पर तेज रफ्तार और गलत दिशा में बाइक चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस को नियमित रूप से जांच और कार्रवाई करनी चाहिए.
