मुख्यधारा से जुड़ने पर उग्रवादियों को मिलेगी आर्थिक सहायता और रोजगार

आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति को लेकर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

पुलिस ने दुर्गम क्षेत्रों में चौपाल लगाकर युवाओं को दिया विकास का संदेश प्रतिनिधि, कौआकोल थाना क्षेत्र के महुडर पंचायत अंतर्गत वनवासी एवं दुर्गम क्षेत्रों में वामपंथी उग्रवादियों के लिए सरकार की ओर से चलायी जा रही आत्मसमर्पण सह पुनर्वास नीति को लेकर पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया है. यह अभियान कौआकोल के अपर थानाध्यक्ष एसआइ अविनाश कुमार के नेतृत्व में महुडर के दनियां, रानीगदर, करमाटांड़, झरनवां, लालपुर आदि गांवों में चलाया गया. अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सरकार की समर्पण एवं पुनर्वास नीति की जानकारी दी. वहीं उग्रवाद का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की गयी. पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता, पुनर्वास सुविधा, कौशल प्रशिक्षण व रोजगार के अवसर प्रदान किये जाते हैं. टीम ने ग्रामीणों से उग्रवादी गतिविधियों की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस को देने का आग्रह किया. अभियान के दौरान चौपाल लगाकर लोगों से संवाद किया गया व युवाओं को भटकाव से दूर रहने और विकास कार्यों में सहयोग करने का संदेश दिया गया. पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाये रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में आगे भी इस तरह के जनजागरण अभियान लगातार चलाये जायेंगे. मौके पर एएसआइ रिंकू कुमार समेत एसटीएफ जवान व ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VISHAL KUMAR

VISHAL KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >