रोड नहीं, तो वोट नहीं का ऐलान

सिरदला- प्रखंड के रजवारिया पाचंबा गांव के ग्रामीणों में आक्रोश

सिरदला- प्रखंड के रजवारिया पाचंबा गांव के ग्रामीणों में आक्रोश सरकार से रोड बनाने की रखी मांग प्रतिनिधि, सिरदला. सिरदला प्रखंड की सांढ़ मंझगांव पंचायत के रजवारिया पाचंबा व मुसहरी पाचंबा गांवों के ग्रामीणों ने सड़क सुविधा को लेकर आक्रोश व्यक्त किया है. ग्रामीणों ने ऐलान किया कि जब तक गांव में सड़क निर्माण नहीं होगा, तब तक वे मतदान प्रक्रिया का बहिष्कार करेंगे. रोड नहीं, तो वोट नहीं के नारे के साथ ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब वे सिर्फ आश्वासन पर भरोसा नहीं करेंगे. ग्रामीण शंभू राजवंशी, बबलू राजवंशी, ज्ञानचंद कुमार, उर्मिला देवी, रामप्यारी देवी, करी देवी, महेश मांझी, गोपाल मांझी, बाबूलाल मांझी, पड़िया देवी, विजय मांझी समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक गांव में न तो पक्की सड़क बनी और न ही पीसीसी का निर्माण हुआ. चुनाव के समय जनप्रतिनिधि हर बार सड़क बनाने का वादा करते हैं, लेकिन जीतने के बाद मुंह मोड़ लेते हैं. स्थिति इतनी खराब है कि गांव में साइकिल तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है. आपात स्थिति या प्रसव के समय मरीजों को खटिया पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जिससे कई बार रास्ते में ही मरीजों की मौत हो चुकी है. गांव में नाली और नल-जल योजना भी नदारद है. स्थानीय स्कूल तक पहुंचना छात्रों और शिक्षकों दोनों के लिए कठिन चुनौती बनी हुई है. धान के खेत की मेढ़ को ही लोग रास्ता बनाकर चलते हैं, जो हमेशा कीचड़मय रहती है. छात्र अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं और कपड़े गंदे हो जाते हैं. पैदल जाना पड़ रहा स्कूल शिक्षक बताते हैं कि उन्हें दो किलोमीटर दूर पक्की सड़क पर गाड़ी खड़ी कर पैदल स्कूल आना पड़ता है, वह भी घुटने भर पानी से होकर. सड़क सुविधा के अभाव में मिड-डे-मील का चावल समय पर स्कूल तक नहीं पहुंच पाता है, जिससे कई दिन तक बच्चों को भोजन नहीं मिल पाता है. इस आंदोलन में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास पिछड़ा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव एवं नवादा जिला प्रभारी राजेंद्र चौहान भी ग्रामीणों के साथ खड़े हुए. उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर वे उच्च स्तर पर मांग उठायेंगे और ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग देंगे. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार आवेदन दिये हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. अब उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि सड़क नहीं बनी, तो वे आगामी चुनाव में वोट नहीं देंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >