Nawada News : नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड के पथरा गांव में मंगलवार को एक गाय करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया.
बांस की सीढ़ी और रस्सियों की मदद से चला रेस्क्यू
ग्रामीणों ने बांस की सीढ़ी, मजबूत रस्सियों और अन्य स्थानीय संसाधनों की मदद से गाय को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. कई घंटों की कड़ी मशक्कत और सामूहिक प्रयास के बाद गाय को सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाल लिया गया.
गाय सुरक्षित बाहर निकलते ही ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
रेस्क्यू सफल होने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली. अच्छी बात यह रही कि घटना में गाय को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसे सुरक्षित बचा लिया गया.
ग्रामीणों की एकजुटता बनी मिसाल
रेस्क्यू अभियान में राजेंद्र सिपाही और रविंद्र कुमार की भूमिका सराहनीय रही. इसके अलावा प्रेमचंद प्रसाद, सुदाम प्रसाद, रविंद्र प्रसाद, मनोज प्रसाद, राजेश कुमार, लालू कुमार, गुड्डू जी, उमेश प्रसाद, लखन प्रसाद और दीपक कुमार सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. ग्रामीणों की तत्परता और एकजुटता से एक बड़ा हादसा टल गया.
