Nawada News : संविधान के सम्मान और मूलनिवासी बहुजन समाज के जनजागरण को लेकर रविवार को नवादा में क्लस्टर अधिवेशन का शुभारंभ हुआ. बीएस-4 के राष्ट्रव्यापी महा जनजागरण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम सद्भावना चौक स्थित एक हॉल में हुआ. इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया.
संविधान और लोकतंत्र के प्रति जागरूकता पर जोर
अधिवेशन का उद्देश्य भारतीय संविधान को अक्षरशः लागू कराने तथा मूलनिवासी बहुजन समाज को संविधान और लोकतंत्र के समर्थन में एकजुट एवं जागरूक करना है. कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीयकरण बनाम निजीकरण, लोकतांत्रिक राज्य समाजवाद तथा मूलनिवासी बहुजन संगठनों की एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गयी.
पथ संचालन और माल्यार्पण से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत पथ संचालन और माल्यार्पण से हुई. इसके बाद ध्वजारोहण किया गया. उद्घाटन सत्र में जिला परिषद नवादा की अध्यक्ष पुष्पा देवी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया. मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रेणु कुमारी, नवादा उपस्थित रहीं. विशिष्ट अतिथि के रूप में दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर चंद्र सिंह तथा सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. नरेश चंद्र शर्मा ने शिरकत की.
सामाजिक एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने पर चर्चा
वक्ताओं ने कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और अधिकार प्रदान करता है. ऐसे में संविधान के प्रति लोगों को जागरूक करना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना जरूरी है. अधिवेशन में सामाजिक एकता और जनजागरण को लेकर आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया.
देश के करीब 200 जिलों में चल रहा अभियान
आयोजकों ने बताया कि बीएस-4 का यह महा जनजागरण अभियान देश के करीब 200 जिलों में आयोजित किया जा रहा है. इसके माध्यम से लोगों को संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक एकता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है. आयोजकों ने अधिवेशन को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की.
Also Read : उत्तर कोयल नहर में पानी के बावजूद अंतिम छोर तक नहीं पहुंच रहा सिंचाई का पानी
