Headmaster Molest Girl Student : नवादा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय आनंदपुर में शुक्रवार को छात्राओं के आरोप के बाद अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. आठवीं कक्षा की कुछ छात्राओं ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर छेड़खानी और अनुचित तरीके से शरीर छूने का आरोप लगाया. छात्राओं के आरोप की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर में जुट गए. स्थिति बिगड़ने की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया.
छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर लगाये आरोप
जानकारी के अनुसार प्रधानाध्यापक वर्ष 2023 से विद्यालय में पदस्थापित हैं. आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक द्वारा उनके साथ कथित रूप से बार-बार छेड़खानी की जाती है. छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक अनुचित तरीके से उनके शरीर को छूने का प्रयास करते हैं. छात्राओं की ओर से यह बात बताये जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और ग्रामीण विद्यालय पहुंच गये.
पुलिस प्रधानाध्यापक को साथ ले गयी
विद्यालय परिसर में ग्रामीणों की भीड़ और आक्रोश को देखते हुए नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस प्रधानाध्यापक को अपने साथ नगर थाना ले गयी, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने के साथ छात्राओं की ओर से लगाये गये आरोपों की जांच कर रही है.
छात्राओं के बयान के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
मामला नाबालिग छात्राओं से जुड़ा होने के कारण पुलिस की ओर से कार्रवाई में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. छात्राओं के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.
विद्यालय में फिलहाल स्थिति सामान्य
घटना के बाद विद्यालय परिसर में फिलहाल स्थिति सामान्य बतायी जा रही है. वहीं घटना को लेकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के बीच चर्चा बनी हुई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
