नवादा में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, दफनाए शव को निकलवाकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

Nawada News : नवादा के बेलखुंडा में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के बाद चंडीगढ़ से आई बहन की शिकायत पर पुलिस ने दफन शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

Nawada News : धमौल थाना क्षेत्र के बेलखुंडा गांव में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. युवती की मौत के बाद परिजनों ने शव को गांव स्थित श्मशान घाट में दफना दिया था. इसी बीच चंडीगढ़ में रह रही मृतका की बड़ी बहन ने धमौल थाना को फोन कर हत्या की आशंका जतायी. सूचना मिलते ही पुलिस ने दफन शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया. मृतका की पहचान बेलखुंडा गांव निवासी सोहर यादव की 20 वर्षीय पुत्री पिंकी कुमारी के रूप में हुई है.

चंडीगढ़ से बड़ी बहन के फोन के बाद बदली जांच की दिशा

बताया जाता है कि पिंकी कुमारी अपनी सौतेली मां के साथ गांव में रहती थी, जबकि उसके पिता प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं. युवती की मौत के बाद परिजनों ने शव को गांव के श्मशान घाट में दफना दिया था. इसी बीच मृतका की बड़ी बहन खुशबू कुमारी ने चंडीगढ़ से धमौल थाना को फोन कर पुलिस को बताया कि उसकी बहन की हत्या की गयी है और शव को दफना दिया गया है. इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी.

दफन शव को निकलवाते पुलिस कर्मी

पुलिस ने दफन शव निकलवाकर करायी जांच

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम श्मशान घाट पहुंची और दफन शव को बाहर निकलवाया. इसके बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की जांच करने के साथ ही शव से जुड़े आवश्यक साक्ष्य भी संकलित किये. साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया गया.

Also Read : औरंगाबाद डाक प्रमंडल ने निकाली प्रभात फेरी, ‘हर घर तिरंगा’ के लिए लोगों को किया जागरूक

पिता और सौतेली मां पर हत्या का आरोप

मृतका की बड़ी बहन खुशबू कुमारी ने अपने पिता सोहर यादव और सौतेली मां रिंकू देवी पर हत्या का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

पिता, सौतेली मां और छोटी बहन से पूछताछ

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की सौतेली मां रिंकू देवी, पिता सोहर यादव और छोटी बहन गुड़िया को पूछताछ के लिए थाना लाया है. पुलिस तीनों से घटना के संबंध में अलग-अलग जानकारी हासिल कर रही है. इसके अलावा आसपास के ग्रामीणों और अन्य परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि युवती की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटायी जा सके.

शव दफनाने की जल्दबाजी पर उठ रहे सवाल

युवती की मौत के बाद शव को दफना दिया जाना और इसके बाद बड़ी बहन की ओर से हत्या की आशंका जताये जाने से मामले में कई सवाल खड़े हो गये हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, शव को कब दफनाया गया और मौत की सूचना पुलिस को तत्काल क्यों नहीं दी गयी. हालांकि, इन सभी सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे.

Also Read : औरंगाबाद के मदनपुर में पीएम श्री अनुग्रह उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने बताया कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. सूचना मिलने के बाद दफन शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य संकलित किये हैं. पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा.

जांच रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का राज

फिलहाल बेलखुंडा गांव में युवती की संदिग्ध मौत को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. चंडीगढ़ से बड़ी बहन का फोन, दफन शव को बाहर निकलवाया जाना और इसके बाद शुरू हुई पुलिस व फॉरेंसिक जांच ने मामले को गंभीर बना दिया है. अब पुलिस की जांच के साथ ही पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद पिंकी कुमारी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है.

Also Read : औरंगाबाद में 14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, मंत्री रमा निषाद होंगी शामिल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >