नवादा में एनएच-20 पर अतिक्रमण के खिलाफ चला बुलडोजर, दो घरों समेत दर्जनों दुकानें ध्वस्त

Nawada News : रजौली में एनएच-20 को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए दूसरे दिन चला बुलडोजर. दो घरों और दर्जनों दुकानों को प्रशासन ने ध्वस्त किया, महादलित परिवार बेघर हुए.

Nawada News : रजौली थाना क्षेत्र में एनएच-20 को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान जारी है. अभियान के दूसरे दिन बुधवार को अदलबिगहा मोड़ स्थित टोल प्लाजा से बाईपास तक बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया. इस दौरान दो घरों समेत दर्जनों चाय की दुकानों और अस्थायी फुटपाथी दुकानों को ध्वस्त किया गया. कार्रवाई के दौरान सीओ मो. गुफरान मजहरी, गाबर कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके त्रिपाठी समेत पुलिस बल मौजूद रहा.

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 30 अगस्त तक चलेगा अभियान

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर रजौली क्षेत्र में 25 अगस्त से एनएच को अतिक्रमण मुक्त कराने का विशेष अभियान शुरू किया गया है, जो 30 अगस्त तक चलेगा. अभियान के दूसरे दिन अदलबिगहा मोड़ के समीप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई. यहां पिछले तीन वर्षों से संचालित दर्जनों चाय की दुकानों को बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया. इसके साथ ही दो घरों को भी ध्वस्त किया गया.

बारिश के मौसम में आशियाना उजड़ने से महादलित परिवार परेशान

ध्वस्त किए गए घरों में रहने वाले महादलित परिवार के लोगों ने बताया कि वे 50 वर्षों से अधिक समय से अपने परिजनों के साथ यहां रह रहे थे. बारिश के मौसम में प्रशासन की ओर से बुलडोजर चलाकर घरों को तोड़े जाने से उनका आशियाना उजड़ गया है. अब उनके सामने रहने के साथ-साथ आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा कि घर टूटने के बाद भी वे इसी जगह रहेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें अपनी जान ही क्यों न गंवानी पड़े.

Also Read : भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ की जिला स्तरीय बैठक, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर बनी रणनीति

सिमरकोल में लोगों ने खुद अतिक्रमण हटाने का दिया भरोसा

अतिक्रमण हटाने वाली टीम टोल प्लाजा के बाद सिमरकोल पहुंची. यहां दर्जनों लोगों ने दो दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की बात कही. इसके बाद टीम सिमरकोल मोड़ से होते हुए बाईपास पहुंची. यहां ओवरब्रिज के नीचे और चौक-चौराहों पर पहले हटाई गईं फुटपाथी दुकानों को दोबारा हटाने का निर्देश दिया गया. कुछ दुकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें भी ध्वस्त किया गया.

बाईपास में दुकानदारों में मची रही अफरातफरी

बाईपास में कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदार हड़बड़ाकर अपनी-अपनी दुकानों को समेटते दिखाई दिए. वहीं, गाबर और सरकारी अमीन के छुट्टी पर रहने के कारण अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दूसरे दिन बाईपास तक ही सीमित रही.

दोबारा अतिक्रमण करने पर लगेगा जुर्माना

प्रोजेक्ट मैनेजर आरके त्रिपाठी ने बताया कि बाईपास क्षेत्र में दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर संबंधित लोगों से कठोर जुर्माना राशि वसूल की जाएगी. वहीं, सीओ मो. गुफरान मजहरी ने माइकिंग कर लोगों से एनएच की जमीन से अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लेने की अपील की. उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण नहीं हटाने पर अग्रतर प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read : औरंगाबाद में झारखंड से कार में शराब लेकर आ रहे दो धंधेबाज गिरफ्तार, 280 लीटर शराब जब्त


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार मनीष देव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >