Nawada News: जिले के मेसकौर प्रखंड अंतर्गत अकरी से बिजूबिगहा जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार को एक पुलिया अचानक भरभरा कर धंस गई. इस दौरान वहां से गुजर रहा एक ट्रैक्टर धंसे हुए हिस्से में अनियंत्रित होकर पलट गया. गनीमत रही कि ट्रैक्टर चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई और बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया. पुलिया का ढांचा धंस जाने से इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन पूरी तरह जोखिम भरा हो गया है, जिससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो रहा है.
भारी वाहनों से और धंसने की आशंका
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह पुलिया कोपिन गांव की ओर जाने वाली सिंचाई पइन के ऊपर बनी हुई है. अकरी, बिजूबिगहा, कोपिन सहित आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला यह मार्ग अत्यंत व्यस्त रहता है. पुलिया धंसने के बावजूद चेतावनी बोर्ड न होने से रात के समय अन्य वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का गंभीर खतरा बना हुआ है. यदि इस मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन नहीं रोका गया, तो सड़क का शेष हिस्सा भी पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है.
5 हजार छात्र-छात्राओं और दैनिक यात्रियों की बढ़ी परेशानी
इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल-कॉलेज और कोचिंग जाने वाले करीब 5,000 विद्यार्थियों का आवागमन होता है. सड़क धंसने से छात्रों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन एवं ग्रामीण कार्य विभाग से घटनास्थल का तुरंत स्थलीय निरीक्षण कर धंसी पुलिया की आपातकालीन मरम्मत कराने और मार्ग पर आवागमन को सुरक्षित बनाने की मांग की है.
