फ़ोटो कैप्शन-काली पट्टी लगा विरोध करते दवा विक्रेता ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट छूट के विरोध में व्यापारियों का आंदोलन तेज केमिस्ट्स एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से सख्त नियम बनाने की मांग की प्रतिनिधि, नवादा नगर ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को नवादा जिले की सभी थोक व खुदरा दवा दुकानें बंद रहेंगी. जिले में करीब एक हजार दवा दुकानों के बंद रहने की संभावना जतायी गयी है. नवादा केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने इस राष्ट्रव्यापी बंदी को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है. संघ के अध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि बंदी मंगलवार रात 12 बजे से शुरू होकर बुधवार रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी. उन्होंने कहा कि जिले के दवा विक्रेता पिछले कई दिनों से काली पट्टी लगाकर विरोध जता रहे हैं. यह आंदोलन मुख्य रूप से ऑनलाइन दवा बिक्री, कॉरपोरेट कंपनियों की ओर से भारी छूट और नकली दवाओं के बढ़ते कारोबार के विरोध में किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इ-फार्मेसी प्लेटफॉर्म बिना पर्याप्त जांच पड़ताल के दवाओं की आपूर्ति कर रहे हैं, जिससे गलत दवा सेवन और मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है. साथ ही ऑनलाइन बिक्री के कारण छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के पारंपरिक मेडिकल दुकानदारों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और कई दुकानदार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं. नियमों की समीक्षा होना चाहिए संघ ने केंद्र सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण लगाने एवं संबंधित नियमों की समीक्षा करने की मांग की है. साथ ही आम लोगों से अपील की गयी है कि आवश्यक दवाओं की खरीदारी पहले ही कर लें, ताकि बंदी के दौरान किसी मरीज को परेशानी न हो. मौके पर सचिव योगेंद्र कुमार, परवेज अख्तर, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार, सेवानंद सिंह, रंजय कुमार दिवाकर, नवीन सिंह, शंकर सिंह, रविश कुमार, मनोज कुमार, कुंदन कुमार एवं मनीष कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे.
नवादा जिले में आज बंद रहेंगी सभी दवा दुकानें
ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट छूट के विरोध में व्यापारियों का आंदोलन तेज
