नवादा में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, गिट्टी लदा ट्रक और चार बालू लदे ट्रैक्टर जब्त

Nawada News : नवादा में खनन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक और चार ट्रैक्टर जब्त किए, साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.

Nawada News : जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने सघन धरपकड़ अभियान चलाया. अभियान के दौरान एक गिट्टी लदा ट्रक और चार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए गए, जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

रजौली में गिट्टी लदा ट्रक जब्त, 10 लाख रुपये जुर्माना प्रस्तावित

पहली कार्रवाई रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया गांव के समीप एनएच-20 पर की गई. यहां खान निरीक्षक आजाद पासवान के नेतृत्व में अवैध परिवहन के आरोप में गिट्टी लदे ट्रक संख्या BR01GH4185 को जब्त किया गया. जब्त ट्रक को रजौली थाना के सुपुर्द कर दिया गया है. इस मामले में करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है.

पकरीबरावां में दो बालू लदे ट्रैक्टर जब्त, एक गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई पकरीबरावां थाना क्षेत्र में की गई. यहां अवैध बालू खनन और परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. कार्रवाई के दौरान धीरज कुमार, पिता बाल्मीकि यादव, निवासी बासोचक को गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई का नेतृत्व खान निरीक्षक अंजनी कुमार ने किया. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. जब्त दोनों ट्रैक्टरों पर दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना प्रस्तावित है. अभियान में पकरीबरावां थाना पुलिस भी शामिल रही.

नारदीगंज में भी दो ट्रैक्टर पकड़े गए

तीसरी कार्रवाई नारदीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास की गई. यहां अवैध बालू परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. इस मामले में भी प्राथमिकी दर्ज कर दोनों ट्रैक्टरों को नारदीगंज थाना में जमा कराया गया है. जब्त वाहनों पर दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना प्रस्तावित बताया गया है. यह कार्रवाई भी खान निरीक्षक आजाद पासवान के नेतृत्व में की गई.

अवैध खनन पर जारी रहेगा अभियान

जिला खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन ने बताया कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वाहन जब्ती, प्राथमिकी दर्ज करने के साथ नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

Also Read : दमन में ट्रॉली बैग से मिला नवादा की युवती का शव, आरोपी प्रेमी की तलाश जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >