बोकारो से बरबीघा जा रही बस से भारी मात्रा में शराब जब्त, तीन गिरफ्तार

NAWADA NEWS.बिहार-झारखंड सीमावर्ती के थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरकोली जांच चौकी पर उत्पाद बलों ने बस पर लादकर बिहार लायी जा रही शराब की एक बड़ी खेप को मंगलवार की सुबह जब्त किया है.

बस के ऊपर से 1920 टेट्रा पैक, 168 बोतल शराब व 60 केन बियर बरामद

प्रतिनिधि, रजौली

बिहार-झारखंड सीमावर्ती के थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरकोली जांच चौकी पर उत्पाद बलों ने बस पर लादकर बिहार लायी जा रही शराब की एक बड़ी खेप को मंगलवार की सुबह जब्त किया है. जब्त शराब में 180 एमएल वाले 1920 टेट्रा पैक, 750 एमएल वाले 168 बोतल शराब व 60 केन बियर है. वहीं बस में रहे तीन बस स्टाफ चालक, कंडक्टर एवं खलासी को भी गिरफ्तार किया गया. साथ ही बस को भी जब्त कर लिया गया है. उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि उत्पाद बलों के सहयोग से जांच चौकी पर प्रत्येक दिन 24 घंटे सघन वाहन जांच की जाती है. इस दौरान झारखंड व बंगाल समेत अन्य राज्यों से आनेवाली बड़ी से लेकर छोटी वाहनों की जांच की जाती है. मंगलवार की सुबह झारखंड से बिहार जाने वाली बस जीवन ज्योति संख्या बीआर 21 जी 0564 की जांच उत्पाद एसआइ प्रवीण कुमार ने की. जांच में बस के ऊपर कैरियर में लदे भारी मात्रा में शराब एवं बियर को बरामद किया गया है. जब्त शराब प्लास्टिक के बोरे में बंद था. शराब में 180 एमएल वाले ऑफिसर चॉइस नामक शराब की 40 पेटी में 1920 टेट्रा पैक, 750 एमएल वाले 24 बोतल इंपीरियल ब्लू व रॉयल स्टेज की 144 बोतल व 500 एमएल वाले किंगफिशर के पांच पेटी में 120 केन बियर है. जब्त शराब की कुल मात्रा 531.6 लीटर है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि शराब की बरामदगी के बाद बस को जब्त कर लिया गया है. साथ ही बस चालक नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के नकरपुरा गांव निवासी छोटन यादव के पुत्र नंदकिशोर यादव, कंडक्टर कतरीसराय थाना क्षेत्र के तरौनी गांव निवासी स्व. ब्रह्मदेव ठाकुर के पुत्र अरुण कुमार व खलासी शेखपुरा जिले के बरबिगहा थाना क्षेत्र निवासी प्रेम साह के पुत्र मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वे शराब को झारखंड के बोकारो में लोड किये थे. बरबिगहा में उतरना था. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त बस व गिरफ्तार लोगों के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. जरूरी पूछताछ के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य जांच करवाकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जायेगा. इस मौके पर गृहरक्षक के जवान भी मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: KR MANISH DEV

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >