शादी की खुशियों के बीच एसएच-103 पर धन्ने चक मोड़ के पास हुआ हादसा सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद नवादा ले जाते समय तोड़ा महिला ने तोड़ा दम
कैप्शन – रोते बिलखते परिजन, मृतका के घर के समीप गोविंदपुर पुलिस
प्रतिनिधि, गोविंदपुर
प्रखंड के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुर गांव स्थित एसएच-103 पर धन्ने चक मोड़ के पास शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान विशुनपुर निवासी कृष्णा यादव की पत्नी जानकी देवी के रूप में की गयी है. इस हादसे के बाद जहां एक ओर शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गयीं, वहीं, मृतका के घर पर कोहराम मच गया. परिजनों के अनुसार, गांव में घर के सामने एक शादी समारोह चल रहा था, जिसमें जानकी देवी भी शामिल हुई थी. इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे फतेहपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. स्कॉर्पियो किसी दूल्हा पक्ष की थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जानकी देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी.
अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. लेकिन सिर में गंभीर चोट और शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म होने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी रही. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोविंदपुर के चिकित्सक डॉ रवींद्र विश्वकर्मा ने बताया कि महिला अचेत अवस्था में अस्पताल लायी गयी थी. उनके सिर में गंभीर चोट थी और शरीर के कई हिस्सों में गहरा जख्म था. स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर किया गया था.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका के पति कृष्णा यादव ने बताया कि शादी की खुशियों के बीच ऐसा हादसा हो जायेगा, किसी ने सोचा भी नहीं था. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी घर की मुख्य सदस्य थीं और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया. थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत हुई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है.
प्रशासनिक सहायता की कवायद शुरू
इधर प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार शैलेंद्र ने बताया कि पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतका के आश्रितों को 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जायेगी. वहीं, अंचलाधिकारी संजय कुमार प्रसाद ने बताया कि यदि सामूहिक दुर्घटना की श्रेणी में मामला आता है और अन्य लोग भी घायल पाये जाते हैं, तो आपदा राहत मद से चार लाख रुपये तक सहायता का प्रावधान है. वहीं, पंचायत मुखिया सुनील कुमार ने बताया कि कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत मृतका के परिजनों को तीन हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गयी है.
गांव में पसरा सन्नाटा
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव घर पहुंचा, परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गयी. मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. गांव में जहां कुछ घंटे पहले शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव घर पहुंचते ही गोविंदपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार दलबल के साथ मृतका के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस आरोपित वाहन की तलाश में जुटी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.