जिला पर्षद द्वारा शहर में जल्द ही नयी दुकानों का निर्माण कराया जायेगा़ इसके लिए विभागीय कार्रवाई की जा रही है़ इससे लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है़
नवादा (सदर) : शहरवासियों के लिए एक अच्छी खबर है. खास कर उन लोगों के लिए जो परिवार चलाने के लिए रोजगार शुरू करने वाले हैं. जिला पर्षद की जल्द ही शहर में नयी दुकान का निर्माण करने जा रही है. इसके लिए जिला पर्षद की नयी अध्यक्ष ने बोर्ड के सदस्यों के साथ रूपरेखा भी तैयार कर रहे हैं. इसके लिए विभागीय कार्रवाई भी जारी है़ बोर्ड की बैठक में इस पर मुहर लगने की संभावना है.
हालांकि, जिला पर्षद के नये बोर्ड में पुराने कार्यों को पूरा करना व सभी सदस्यों के साथ मिल कर बोर्ड चलाना चुनौती भरा कार्य होगा. 25 सदस्यीय बोर्ड में 13 सदस्यों के साथ अध्यक्ष का ताज मिला है. विपक्षी भी कमजोर नहीं है,उनके साथ भी 12 सदस्य लेकर उपाध्यक्ष खड़ी है. जिला पर्षद में पिछली बोर्ड के लाखों रुपये शेष पड़े हैं.
इन रुपये को भी विकास कार्यों में खर्च करने के लिए विपक्षियों द्वारा लगाये जाने वाले अड़ंगा को भी दूर करना होगा. पहले के रुपये के साथ ही नयी योजना को भी पास कराने में काफी मशक्कत करनी होगी. लेकिन, चालू साल में जिला पर्षद अध्यक्ष आवास के पास से नये दुकानों का निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू होने वाला है. नये बोर्ड गठन के बाद पहली बैठक के बाद ही इसके कार्य शुरू होंगे.
नये अध्यक्ष पुष्पा देवी का भी मानना है की सभी के सहयोग से ही बोर्ड चलाया जायेगा. राजनीति में पहले कदम रखने के बाद ही अध्यक्ष बननेवाली पुष्पा विकास कार्य करने के प्रति उत्सुक हैं, परंतु जब तक विपक्षियों का सहयोग नहीं मिलेगा कोई प्रस्ताव पारित नहीं हो पायेगा. ऐसे में बोर्ड चलाना मुश्किल हो जायेगा
बुधौल बस पड़ाव को चालू कराना चुनौती
जिला पर्षद के नये बोर्ड के पास बुधौल बस पड़ाव को फिर से चालू कराना नये अध्यक्ष के लिए चुनौती होगी. जिला पर्षद के विकास कार्य में बाधक बननेवाले लोगों को भी रास्ते से हटाना होगा. जिला पर्षद का बुधौल बस पड़ाव चालू न हो इसके लिए भी कई लोग अड़ंगा डालेंगे. ऐसे में इसे चालू करना चुनौती से कम नहीं होगी.
