नवादा : शहर में 10 नवंबर को हजरत मोहम्मद साहब की जयंती को लेकर निकाले जाने वाली जुलूस के लिए नगर थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. गुरुवार को नगर थाना में आयोजित बैैठक की अध्यक्षता भूमि सुधार उपसमाहत्र्ता बिरेंद्र कुमार तथा सदर एसडीपीओ विजय कुमार झा ने संयुक्त रूप से किया.
इसमें उपस्थित लोगों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में जुलूस निकालने की बात कही गयी. पदाधिकारियों ने कहा कि जुलूस के लिए अब तक अंसार नगर के मदरसा अजीजिया, भदौनी के मदरसा फैजुलबाड़ी व सब्जी बाजार के जामा मस्जिद ने लाइसेंस के लिए आवेदन दिया है.
उन्होंने कहा कि जुलूस के लिए लाइसेंस लेना आवश्यक है तथा जुलूस के दौरान डीजे नहीं बजाने की बात पदाधिकारियों ने उपस्थित लोगों से कही. उपस्थित लोगों ने कहा कि सभी मुस्लिम मुहल्लों से जुलूस निकाली जायेगी. निकाली जानेवाले जुलूस सद्भावना चैक पर एकत्रित होकर गया रोड मुख्य मार्ग, विजय बाजार तथा मुस्लिम रोड होते हुए बड़ी दरगाह तक जाकर समाप्त किया जायेगा. उपस्थित लोगों ने जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का मांग किया.
साथ ही जुलूस के आगे और पीछे स्काउट की व्यवस्था करने की बात कही गई. अधिकारियों ने भी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रखे जाने का आश्वासन दिया. मौके पर सर्किल इंसपेक्टर नेयाज अहमद, सीओ अभय कुमार, बुंदेलखंड ओपी प्रभारी शहरयार खान, एसआई निरोत्तम, एसआई दिलीप सिंह के अलावा समाज सेवी नेजाम खान कल्लू सहित दर्जनों की संख्या में लोग मौजूद थे.
