नवादा : मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना में एक करोड़ 62 लाख 40 हजार 738 रुपये की अवैध निकासी के मामले में नारदीगंज प्रखंड की हड़िया पंचायत के पंचायत सचिव मुरारी प्रसाद को बर्खास्त कर दिया गया है. डीएम कौशल कुमार ने जांच रिपोर्ट के आधार कार्रवाई की है. मुरारी प्रसाद पर मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना 2016-17 में तीनों पंचायतों के लिए प्राप्त राशि को नियमों को दरकिनार कर निकासी करने का आरोप है.
पंचायत सचिव मुरारी प्रसाद द्वारा अवैध तरीके से एक करोड़ 62 लाख की निकासी मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद विभागीय जांच भी करायी गयी थी. विभागीय जांच एडीएम ओमप्रकाश ने की. जांच में पाया गया कि हड़िया पंचायत में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत मिले लगभग 80 लाख, ओड़ो पंचायत के 40 लाख तथा कहुआरा पंचायत के 37 लाख रुपये की निकासी में किसी प्रकार के नियम का पालन नहीं किया .
