नवादा : पूरे जिले में इन दिनों अवैध खनन को लेकर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अवैध बालू खनन के साथ-साथ अवैध ईंट भट्ठा संचालन को लेकर कार्रवाई की जा रही है. जिला खनन पदाधिकारी लाल बिहारी प्रसाद ने बताया कि माफियाओं का इतना मनोबल बढ़ गया था कि प्रशासन और कानून का कोई डर भय नहीं रहा.
इसी को लेकर जिला प्रशासन ने कठोर कदम उठाते हुए संयुक्त कार्रवाई अभियान चलाने का आदेश जारी किया. उन्होंने बताया कि अब तक बालू ही नहीं अवैध ईंट भट्ठा संचालकों पर भी कार्रवाई करते हुए 120 संचालकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया जा चुका है.
खनन इंस्पेक्टर धर्मवीर कुमार ने बताया कि जिले में कुल 240 इईंट भट्ठा संचालित हैं. लेकिन विभाग को पिछले साल 2018-19 के बकाया स्वामित्व राशि को अभी तक जमा नहीं किया गया है, जिसको लेकर कार्रवाई करते हुए 120 बकायेदार ईंट भट्ठा संचालकों के खिलाफ पर एफआइआर दर्ज किया गया है.
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ ऐसे भी ईंट भट्ठों के संचालक हैं, जो गया जिला और जमुई जिला भाग कर चले गये हैं. उनको भी खोजकर संबंधित थानों में एफआइआर किया गया है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में वर्ष 2018-19 का कुल बकाया 90 लाख रुपये हो चुका है. बावजूद लोगों ने स्वामित्व राशि को जमा नहीं किया गया है.
उन्होंने बताया कि प्रत्येक ईंट भट्ठों के संचालन के लिए प्रत्येक वर्ष विभाग को स्वामित्व का 74500 रुपये जमा कराना होता है. लेकिन आधे से ज्यादा लोग राशि जमा नहीं कर रहे थे, जिसके बाद विभाग ने सख्ती बरतते हुए कार्रवाई तेज कर दी है.
एक बकायेदार ईंट भट्ठा संचालक को पुलिस भेज चुकी है जेल
नगर थाना क्षेत्र के अदरखी बिगहा साहेब चक से ईंट भट्ठा संचालक चंद्रिका प्रसाद को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. उनके ऊपर नगर थाना में खनन विभाग द्वारा अवैध इंट भट्ठा संचालन को लेकर कांड संख्या 428/19 दर्ज किया गया था. विभाग की सख्त कार्रवाई से अवैध ईंट भट्ठा संचालकों में खलबली मची हुई है. पुलिस और खनन विभाग एफआइआर दर्ज करने के बाद उन लोगों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी भी शुरू कर दी है.
वैसे बकायेदारों पर बिहार लघु खनिज समानुदान नियमावली 1972 के नियम 26ए तथा 4, 40 का स्पष्ट उल्लंघन एवं राजस्व की क्षति के साथ ही पर्यावरणीय नियमों का भी उल्लंघन किये जाने का मामला शामिल है. जिसके अंतर्गत कार्रवाई करते हुए एफआईआर किया गया है.
एफआइआर दर्ज होनेवाले क्षेत्र के अनुसार ईंट भट्ठों की सूची
वारिसलीगंज- 23, नारदीगंज- 10, नवादा- 17, रोह – आठ, हिसुआ- नौ, सीतामढ़ी- दो, मेसकौर- एक, नरहट- नौ, रजौली- 10, सिरदला- दो, गया जिला के वजीरगंज- दो, गया जिला के चाकंद- एक, अकबरपुर- 12, पकरीबरावां- एक, कौआकोल- एक, जमुई जिला के सिकन्दरा- 1, गया जिला के अतरी- 1, गया जिला के फतेहपुर- 1 सहित जिले के 120 ईंट भट्ठा संचालकों पर एफआइआर किया जा चुका है.
