Nalanda News:(अमित वर्मा) राजगीर-बख्तियारपुर रेल लाइन पर पावापुरी रोड स्टेशन के निकट एनएच 20 के रजौली-बख्तियारपुर सेक्शन में विजवनपर क्रॉसिंग स्थित एलसी 41 एसपीएल पर प्रस्तावित अंडरपास निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है . केंद्र सरकार द्वारा करीब 9.99 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बावजूद एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने पर भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है .
100 साल पुराना रास्ता हुआ बंद
ग्रामीणों ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा रेलवे क्रॉसिंग के समीप ऊपरी पुल निर्माण के बाद पावापुरी रोड स्टेशन के पास स्थित रेलवे गुमटी को रेल प्रशासन ने बंद कर दिया था . इससे लगभग 100 वर्ष पुराना संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और विजवनपर क्षेत्र चार हिस्सों में बंट गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार रास्ता बंद होने से देवधा, तुंगी और विजवनपर गांव के लोगों को बाजार जाने के लिए करीब पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है . वहीं पहाड़पुरा, पुलिस लाइन, राणाविघा, सिपाह और देवीसराय समेत अन्य गांवों के लोगों को पावापुरी Road स्टेशन आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है .
आंदोलन से लेकर कोर्ट तक पहुंचा मामला
समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों ने लंबे समय तक आंदोलन चलाया . अंडरपास निर्माण तक चुनाव बहिष्कार का एलान किया गया था . इसके अलावा पटना उच्च न्यायालय में जनहित याचिका भी दायर की गई . ग्रामीणों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर इसकी प्रतियां स्थानीय प्रशासन से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तक भेजी थीं .
लगातार जनदबाव और जनहित याचिका को देखते हुए नालंदा के सांसद Kaushalendra Kumar ने लोकसभा में रेल मंत्री और प्रधानमंत्री के समक्ष अंडरपास निर्माण की मांग उठाई थी . इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय की सिफारिश पर इस परियोजना को मंजूरी मिली थी .
स्वीकृति के बाद भी नहीं शुरू हुआ निर्माण
ग्रामीणों का कहना है कि यह अंडरपास न केवल आवागमन की समस्या दूर करेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा . हालांकि स्वीकृति मिलने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में निराशा और नाराजगी बढ़ती जा रही है . ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे पुनः न्यायालय की शरण लेंगे .
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में सहायक मंडल अभियंता मणिकांत कुमार ने बताया कि पावापुरी रोड स्टेशन के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 20 पर अंडरपास निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है . कुछ तकनीकी कारणों से कार्य में विलंब हो रहा है . तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्तावित स्थल पर ही अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा .
Also Read: नालंदा में आज : जानिए मंदिरों में पूजा-अर्चना का समय और ओपीडी में डॉक्टरों की उपलब्धता
