नालंदा में दवा दुकानों की हड़ताल से 50 लाख का कारोबार प्रभावित, मरीजों को हुई परेशानी

Nalanda News: ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर नालंदा जिले की सभी थोक और खुदरा दवा दुकानें बंद रहीं. एक दिवसीय हड़ताल से करीब 50 लाख रुपये का दवा कारोबार प्रभावित हुआ और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

Nalanda News (अमर वर्मा की रिपोर्ट): ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को नालंदा जिला औषधि विक्रेता संघ द्वारा आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का जिले में व्यापक असर देखने को मिला. इस बंद के समर्थन में जिले की सभी थोक एवं खुदरा दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहीं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

50 लाख रुपये का कारोबार हुआ प्रभावित

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि एक दिवसीय हड़ताल के कारण जिले में करीब 50 लाख रुपये का दवा कारोबार प्रभावित हुआ है. संघ के अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि देश में दवा का व्यापार ड्रग एक्ट के कड़े नियमों के तहत संचालित होता है, जिसमें योग्य डी.फार्मा और बी.फार्मा डिग्री धारकों की मौजूदगी में ही दवाओं का रख-रखाव और बिक्री सुनिश्चित की जाती है.

ऑनलाइन दवा आपूर्ति का किया विरोध

अमरेंद्र कुमार ने बताया कि कोरोना काल के दौरान सरकार ने ऑनलाइन दवा आपूर्ति की अनुमति देने वाले दो नोटिफिकेशन जारी किए थे. लेकिन कोरोना काल समाप्त होने के बाद भी इन्हें रद्द नहीं किया गया, जिसके विरोध में देशभर के दवा विक्रेताओं ने हड़ताल की.

नकली दवाओं की बिक्री पर जताई चिंता

संघ के अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन दवा व्यापार के माध्यम से बाजार में नकली दवाओं की आमद बढ़ गई है. बिना वैध डॉक्टर के पर्चे या फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर दवाएं भेजी जा रही हैं, जिससे मरीजों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है. उन्होंने कहा कि शेड्यूल एच-1 श्रेणी की दवाएं भी ऑनलाइन बिना किसी रोक-टोक के उपलब्ध कराई जा रही हैं.

पक्का बिल लेकर दवा खरीदने की अपील

दवा विक्रेताओं ने भारी छूट पर बेची जा रही दवाओं की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठाए. संघ ने आम लोगों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के लिए केवल उन्हीं दुकानों से दवाएं खरीदें, जो पक्का बिल देते हों. विक्रेताओं ने सरकार से ऑनलाइन दवाओं से जुड़े नोटिफिकेशन को रद्द करने की मांग की.

कई दवा व्यवसायी रहे मौजूद

इस मौके पर रणवीर कुमार सिन्हा, ज्योति कुमार, विनोद कुमार, संतोष कुमार, धनंजय कुमार, वीरेंद्र कुमार, नीरज कुमार, निहाल आलम, अनुज कुमार, मुकेश कुमार और शिव कुमार प्रसाद समेत कई दवा व्यवसायी मौजूद रहे.

Also Read: मिड-डे मील खाते ही बिगड़ी 50 से ज्यादा बच्चों की तबीयत, नालंदा के स्कूल में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे अधिकारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >