नालंदा में स्वस्थ जीवनशैली का बढ़ता चलन, मॉर्निग वॉक और योग ने बदली सुबह की तस्वीर

Nalanda News : बिहारशरीफ में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. मॉर्निंग वॉक, दौड़, योग और व्यायाम अब लोगों की दिनचर्या का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं. शहर के पार्क, सड़कें और फिटनेस ट्रैक सुबह-सुबह लोगों से गुलजार नजर आ रहे हैं, जिससे शहर की सुबह की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है.

Nalanda News : (कंचन कुमार) बिहारशरीफ में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. मॉर्निंग वॉक, दौड़, योग और व्यायाम अब लोगों की दिनचर्या का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं. शहर के पार्क, सड़कें और फिटनेस ट्रैक सुबह-सुबह लोगों से गुलजार नजर आ रहे हैं, जिससे शहर की सुबह की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है.

मॉर्निंग वॉक और योग से बदली सुबह की तस्वीर

कुछ साल पहले जहां सुबह के समय पार्कों और सड़कों पर सन्नाटा रहता था, वहीं अब सूर्योदय से पहले ही लोग फिटनेस के लिए घरों से निकल पड़ते हैं. शहर के सुभाष पार्क, गांधी पार्क, हिरण्य पर्वत, चोराबागीचा, वियावानी क्षेत्र और पहाड़तली फिटनेस पार्क में हर सुबह सैकड़ों लोग टहलते, दौड़ लगाते और योग करते दिखाई देते हैं.

वॉकिंग ग्रुप में युवा, महिलाएं और बुजुर्गो की बढ़ी भागीदारी

डीएम-एसपी आवास रोड, श्रम कल्याण मैदान और भरावपर-अस्पताल चौक मार्ग सहित कई इलाकों में नियमित वॉकिंग ग्रुप सक्रिय हैं. इन समूहों में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, व्यवसायी और नौकरीपेशा लोग बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं. फिटनेस को लेकर लोगों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है.

महिलाओं और युवाओं में फिटनेस को लेकर दिख रहा जुनून

फिटनेस के प्रति जागरूकता का सबसे अधिक असर महिलाओं और युवाओं में देखने को मिल रहा है. सुबह चार बजे से ही महिलाओं की टोली पार्कों और सड़कों पर मॉर्निंग वॉक और व्यायाम करती नजर आती है. वहीं कई युवा पुलिस और अन्य सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए नियमित दौड़ और शारीरिक अभ्यास कर रहे हैं.

पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही युवती बनी प्रेरणा

छोटी पहाड़ी निवासी रेशमी कुमारी रोज सुबह तीन बजे उठकर दौड़ का अभ्यास करती हैं. इसके बाद वह हिरण्य पर्वत पहुंचकर व्यायाम करती हैं. उनका लक्ष्य बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल करना है. उनका कहना है कि नियमित व्यायाम से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक एकाग्रता भी बढ़ती है.

बुजुर्ग भी फिट रहने के लिए उठा रहे अहम कदम

स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता केवल युवाओं तक सीमित नहीं है. शहर के पार्कों और वॉकिंग ट्रैक पर बड़ी संख्या में बुजुर्ग भी नियमित सैर करते दिखाई देते हैं. रिटायर्ड प्रोफेसर चंद्रभूषण का कहना है कि लगातार 10 मिनट तक तेज चाल से चलना भी शरीर को कई स्वास्थ्य लाभ देता है और पूरे दिन ऊर्जा बनाए रखता है.

फिटनेस पार्क बना आकर्षण का केंद्र

पहाड़तली क्षेत्र में विकसित आधुनिक फिटनेस पार्क शहरवासियों की पहली पसंद बनता जा रहा है. यहां लगाए गए आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर युवा और बुजुर्ग अपनी शारीरिक क्षमता बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं. सुबह और शाम दोनों समय पार्क में अच्छी-खासी भीड़ जुट रही है.

डॉक्टर बोले चलना दिल के लिए बेहद फायदेमंद

चिकित्सक डॉ. अखलेश प्रसाद के अनुसार नियमित मॉर्निंग वॉक और तेज चाल से चलना हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है. इससे हृदय और फेफड़ों की कार्यक्षमता बेहतर होती है. कई शोधों में यह सामने आया है कि रोजाना 10 से 15 मिनट तेज चाल से चलने से हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कम हो सकता है.

स्वास्थ्य को लेकर बदल रही लोगों की सोच

विशेषज्ञों का मानना है कि मॉर्निंग वॉक और योग अब केवल शौक नहीं रह गए हैं. लोग इसे बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और तनावमुक्त जीवन का जरूरी हिस्सा मानने लगे हैं. यही वजह है कि बिहारशरीफ में फिटनेस संस्कृति लगातार मजबूत हो रही है और शहर की सुबह नई ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ शुरू हो रही है.

Also Read : दरभंगा एयरपोर्ट पर शुरू होगा फ्लाइंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट,युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >