Nalanda News(मुकुल नाथ सिन्हा): नालंदा जिले की बिंद थाना पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र के टॉप-10 वांछित और कुख्यात अपराधियों में शामिल पप्पू केवट उर्फ संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधी पर नालंदा और पटना जिले के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती और रंगदारी जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं. पुलिस लंबे समय से इसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी.
गुप्त सूचना पर बकरा गांव में पुलिस ने की छापेमारी
इस बड़ी कामयाबी के संबंध में जानकारी देते हुए बिंद थानाप्रभारी मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास के एक मामले में महीनों से फरार चल रहा मुख्य आरोपी पप्पू केवट अपने पैतृक गांव बकरा आया हुआ है. बता दें कि सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक प्रदीप किशोर सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बकरा गांव में छापेमारी की और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया. गिरफ्तार अपराधी बकरा गांव निवासी सुधीर केवट का 36 वर्षीय पुत्र बताया जाता है.
नालंदा और पटना के थानों में दर्ज हैं 15 संगीन मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार पप्पू केवट बिंद थाने का टॉप-10 सूची में शामिल शातिर अपराधी है. उसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है. उसके खिलाफ नालंदा और पटना जिले के अलग-अलग थानों में हत्या और हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट (मादक पदार्थों की तस्करी) डकैती, रंगदारी और मारपीट, बिहार शराबबंदी कानून का उल्लंघन, एससी/एसटी (SC/ST) अत्याचार निवारण अधिनियम जैसे कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
थानाध्यक्ष ने बताया कि उसके खिलाफ मुख्य रूप से नालंदा जिले के बिंद व हरनौत थाना और पटना जिले के बेलछी व फतुहा थानों में संगीन मामले दर्ज हैं.
पूछताछ के बाद भेजा गया जेल, इस टीम को मिली सफलता
थानाप्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार कुख्यात अपराधी से पुलिस ने गहन पूछताछ की है, जिसमें कई अहम जानकारियां मिली हैं. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष सुपुर्द कर जेल भेज दिया गया है.
इस सफल छापेमारी दल में मुख्य रूप से पुलिस निरीक्षक प्रदीप किशोर सिन्हा, थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद, पुलिस अधिकारी अनुज कुमार, आनंदी रजक, संदेश कुमार, सरोज कुमार और सिपाही रौशन कुमार राज शामिल थे.
Also Read: Aurangabad : सदर अस्पताल में आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी ओपीडी सेवा
