बिंद में सड़क हादसे में घायल आशा कार्यकर्ता की मौत, परिजनों में कोहराम

Nalanda News: नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल आशा कार्यकर्ता सुषमा देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई. अज्ञात ट्रक की टक्कर में घायल होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया. उनकी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

Nalanda News (मुकुल नाथ सिन्हा की रिपोर्ट): नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल आशा कार्यकर्ता सुषमा देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की पहचान अस्थावां प्रखंड के सदरपुर गांव निवासी शशिकांत रविदास की पत्नी सुषमा देवी के रूप में स्पष्ट रूप से हुई है. उनकी असामयिक मौत से पीड़ित परिवार और पूरे क्षेत्र में गहरी शोक की लहर दौड़ गई है.

अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग पर जहाना गांव के पास सड़क पार करने के दौरान यह हादसा हुआ था. जहाँ सुषमा देवी और बिंद गांव निवासी संजुला देवी को एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी थी. इस भीषण हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंद ले जाया गया था.

पावापुरी विम्स में ली अंतिम सांस

बिंद पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर कर दिया गया था. परिजनों ने बताया कि आशा कार्यकर्ता सुषमा देवी की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी. इसके बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए विम्स (VIMS) पावापुरी में भर्ती कराया गया था. जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. वह अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

माँ की अचानक मौत के बाद मासूम बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सुषमा देवी क्षेत्र में एक बेहद सक्रिय और समर्पित आशा कार्यकर्ता थीं. वे ग्रामीणों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थीं. इस दुखद घटना पर स्थानीय ग्रामीणों और स्वास्थ्य कर्मियों ने गहरा दुख जताते हुए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की पुरजोर मांग की है.

अज्ञात ट्रक की तलाश जारी

इधर घटना को लेकर बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि दुर्घटना के बाद मौके से फरार अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस टीम लगातार सघन जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है.

Also Read: नालंदा में नल-जल योजना ठप: भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी को तरसा पूरा गांव; भड़के लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >