बिहारशरीफ : पिस्तौल तान कर अपराधियों ने दो लाख रुपये लूट लिये.घटना शहर के लहेरी थाना क्षेत्र के कमरुद्दीनगंज मुहल्ले में शुक्रवार की संध्या घटी.घटना के बाद लहेरी इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी में जुटे हैं.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मुहल्ला स्थिति निखिल इंटरप्राइजेज का सेल्स मैन ओम प्रकाश तकाजा का दो लाख रुपये की वसूली कर दुकान की ओर लौट रहा था,ज्योंही वह दुकान के समीप पहुंचा कि पूर्व से घात लगाये दो हथियारबंद अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखा कर उससे रुपयों से भरा बैग लूट कर फरार हो गये.
इस दौरान अपराधियों द्वारा सेल्स मैन की पिटाई भी कर दी गयी.घटना की जानकारी के बाद लहेरी इंस्पेक्टर दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर घटना की विस्तृत जानकारी सेल्स मैन से ली. इंस्पेक्टर ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. इस छापेमारी में लहेरी के सहायक दारोगा प्रशांत कुमार को विशेष तौर पर लगाया गया है.
