राजगीर में पांच अगस्त को होगा महासम्मेलन
बिहारशरीफ : पूर्व विधायक सह भाजपा प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि पिछड़ा-अतिपिछड़ा को आबादी के अनुसार राजनीतिक पार्टियां कोटा दे. भागीदारी देकर खानापूर्ति किये जाने का कार्य बंद करें. वे मंगलवार को स्थानीय प्रोफेसर कॉलोनी में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को राजगीर में पिछड़ा-अतिपिछड़ा महासम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है. उन्होंने कहा कि 57 फीसदी से अधिक आबादीवाले इस समाज का वोट सभी दलों को चाहिए, लेकिन इनके विकास के लिए भाजपा जैसे कुछ दलों को छोड़ कोई कुछ नहीं कर रहा है.
आज ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ भाजपा सरकार इस समाज तक समग्र विकास का पुरजोर प्रयास कर रही है.
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ साल में 29 जातियों को अतिपिछड़ा में डाल दिया गया है. पहले एक पोस्ट पर 10 लोग अर्जी देते थे. अभी यह संख्या 25 हो गयी है. उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि इस संघर्ष में साथ दें. इस मौके पर प्रवीला देवी, राजेश्वर सिंह, नवीन कुमार, अमरेश कुमार, रवि मंडल, अरुण कुमार, टुनटुन, धीरज, आजाद कुमार, मनोज चौधरी आदि मौजूद थे.
