वाहन पलटने से चालक की मौत, भाई जख्मी
बिहारशरीफ/ सिलाव : सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी. मंगलवार की संध्या यह घटना सिलाव थाना क्षेत्र के बिंडीडीह मोड़ स्थित मंदिर के समीप घटी. मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी तीस वर्षीय अजय शर्मा के रूप में की गयी. हादसे में जख्मी मृतक के बड़े भाई संजय […]
बिहारशरीफ/ सिलाव : सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी. मंगलवार की संध्या यह घटना सिलाव थाना क्षेत्र के बिंडीडीह मोड़ स्थित मंदिर के समीप घटी. मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी तीस वर्षीय अजय शर्मा के रूप में की गयी. हादसे में जख्मी मृतक के बड़े भाई संजय शर्मा ने बताया कि रोजाना की तरह मृतक बिहारशरीफ से यात्रियों को लेकर बिंडीडीह गया था. इसके बाद वहां यात्रियों को उतारकर वह अपने ट्रेकर से दुबारा बिहारशरीफ लौट रहा था.
इसी दौरान बिंडीडीह मोड़ स्थित एक मंदिर के समीप ट्रेकर करीब छह फीट गड्ढे में पलट गया. इसमें ट्रेकर चालक अजय शर्मा की घटनास्थल पर मौत हो गयी. भाई संजय शर्मा भी जख्मी हो गया. इधर, घटना की सूचना पाकर दलबल के साथ सिलाव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. तत्पश्चात, शव को बरामद कर उसे अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा. परिजनों ने बताया कि मृतक कुल पांच भाई- बहन थे. वह अपने तीन भाइयों एवं दो बहनों में दूसरे नंबर पर था. मृतक की पिता की पहले ही मौत हो चुकी है. उसने परिवार के भरण-पोषण के लिए एक ट्रेकर खरीदा था. इसी वाहन को चलाकर वह अपने पत्नी समेत चार बच्चों का पेट पाल रहा था.
पत्नी पर आया चार बच्चों की परवरिश का बोझ: हादसे के बाद मृतक की पत्नी पर अचानक चार बच्चों की परवरिश का बोझ आ गया है. ऐसे में पत्नी पर बच्चों की चिंता को लेकर पहाड़ टूट पड़ा है. घर में आमदनी का एकमात्र जरिया मृतक ही था. वाहन की आमदनी से मृतक के घर का चूल्हा जल रहा था. बता दें कि मृतक के दो पुत्र एवं दो पुत्री हैं. सभी चारों संतानों की उम्र दो वर्ष से लेकर करीब छह वर्ष के बीच है. इधर, घटना के बाद मृतक की पत्नी बदहवाश रोये जा रही थी. ऐसे में आसपास के लोगों का कलेजा भी पसीज रहा था.
ट्रक ने पोल को मारी टक्कर, बिजली बाधित
बिहारशरीफ: शहर के रामचंद्रपुर इलाके में मंगलवार को अहले सुबह करीब 4:30 बजे एक ट्रक ने बिजली के पोल को ठोकर मार दी, जिससे कई मुहल्लों की बिजली आपूर्ति छह घंटे तक ठप रही. इसके कारण लोग पेयजल के लिए परेशान रहे. इतनी देर तक अचानक बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग एक-दूसरे मुहल्ले के लोगों को लाइन कटे रहने के बारे में जानकारी प्राप्त करते रहे. ट्रक की टक्कर से बिजली का पोल टेढ़ा हो गया और बिजली के तार आपस में टकरा गये, जिसके बाद बिजली अापूर्ति ठप हो गयी. ट्रक को ड्राइवर मौके से लेकर फरार हो गया. इसके कारण रामचंद्रपुर शिक्षक काॅलोनी, मगध काॅलोनी, शिवपुरी, कुशवाहा काॅलोनी,
भराव पर, मथुरिया मोहल्ला, लहेरी मोहल्ला, कटरा पर, कोनासराय सहित करीब एक दर्जन से अधिक मोहल्लों के लोग प्रभावित हुए. सुबह-सुबह पानी की जरूरत लोगों को अधिक होती है. बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोग परेशान दिखे. करीब 10ः30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, तब जाकर लोगों ने चैन की सांस ली.